बिहिया : थाना क्षेत्र के बरजा गांव के समीप मंगलवार को अपराधियों द्वारा एसबीआई के ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक एवं बक्सर जिले के ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के नैनीजोर निवासी कुबेर नाथ पांडेय के पुत्र मोहन जी पांडेय को गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिये जाने के बाद पटना में इलाज के दौरान बुधवार की सुबह मौत हो गयी. घटना को लेकर आक्रोशित लोगों ने बुधवार को लगभग 8.30 बजे सुबह में शव के साथ आरा-बक्सर एनएच 84 को बिहिया चौरास्ते पर जाम कर दिया,
जिससे आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया. आक्रोशित लोगों ने तोड़फोड़ की और जमकर उत्पात मचाया. पुलिस को स्थिति नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा. मामले की जानकारी पाकर मौके पर पहुंचे बिहिया थानाध्यक्ष व सर्किल इंस्पेक्टर से बात करने से इन्कार करते हुए लोगों ने धक्का-मुक्की भी की तथा पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी करने लगे. स्थिति तनावपूर्ण होता देखकर स्थानीय पुलिस ने वरीय पदाधिकारियों को इसकी सूचना दी. इस दौरान शाहपुर व बहोरनपुर ओपी की पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी.
सड़क जाम से देखते-ही- देखते वाहनों की लंबी कतारें लग गयीं. सड़क जाम कर रहे लोग मौके पर डीएम, एसपी व एसबीआई के बड़े अधिकारी को बुलाने, मृतक की विधवा को नौकरी व मुआवजा देने तथा अपराधियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे. सड़क जाम कर रहे आक्रोशित लोगों ने दोपहर तक वरीय अधिकारियों को नहीं आता देखकर अचानक ही चौरास्ते पर स्थित दुकानों को जबरन बंद कराना शुरू कर दिया तथा जाम में फंसे कई वाहनों के शीशे फोड़ डाले.
स्थिति को बिगड़ती देखकर पुलिस दूर खड़ी होकर तमाशबीन बनी रही. इसी क्रम में स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर रहे लोगों की हरकतों का विरोध करना शुरू कर दिया जिससे को बल मिला और पुलिस ने देखते- ही- देखते भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठियां भांजनी शुरू कर दीं. इस दौरान मौके पर जगदीशपुर एएसपी दयाशंकर व एसडीएम कुमार पंकज भी मौके पर पहुंच गये.
