बक्सर : सिकरौल थाना क्षेत्र विक्रम इंग्लिश गांव में भूमि विवाद को लेकर दो भाई सोमवार को भिड़ गये, जिसमें एक भाई बुरी तरह से जख्मी हो गया. बुधवार की सुबह जख्मी युवक की मौत इलाज के दौरान हो गयी. वहीं मौत की सूचना मिलते ही सिकरौल थाना की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.
मृतक सिकरौल थाना के विक्रम इंग्लिश गांव का रहनेवाला चंद्रिका यादव है. सिकरौल थानाध्यक्ष अभय कुमार ने बताया कि सोमवार को विक्रम इंग्लिश गांव में भूमि विवाद को लेकर दो भाई चंद्रिका और मुद्रिया आपस में लाठी-डंडे लेकर भिड़ गये, जिसमें मुद्रिका ने अपने भाई चंद्रिका यादव को लाठी से मारकर जख्मी कर दिया था और भाग गया.
परिजनों ने उसे इलाज के लिए धनसोई के एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया. जब स्थिति ठीक नहीं लगी तो परिजन उसे मंगलवार को सदर अस्पताल लाये, जहां बुधवार की सुबह चंद्रिका यादव की मौत हो गयी. उन्होंने बताया कि मौत की सूचना मिलते ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया. साथ ही मृतक के परिजनों के बयान पर चंद्रका के भाई के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
