बक्सर : घर से शौच के लिए निकली एक महिला के साथ दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया है. घटना जिले के धनसोई थाना क्षेत्र के पटखौलिया गांव की है. घटना के संबंध में बताया जाता है कि गांव की एक महिला खेत में शौच करने गयी थी. इसी बीच पूर्व से घात लगाये गांव का मंटू कुमार नामक युवक महिला को खेत में ही बंधक बना कर उक्त घटना को अंजाम दिया. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित द्वारा महिला को मामले की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गयी.
दुष्कर्म की यह घटना पांच दिन पूर्व घटी है. घटना के बाद पीड़िता काफी डर गयी थी. उसने शुरू में तो मामले की जानकारी किसी को नहीं दी. बाद में उसने पूरे मामले की जानकारी अपने घरवालों को दी. पीड़िता सोमवार की संध्या अपने परिजनों के साथ महिला थाना पहुंच कर मामले की पूरी जानकारी महिला थानाध्यक्ष कंचन कुमारी को दी.
पीड़िता के बयान पर महिला थानाध्यक्ष ने प्राथमिकी दर्ज करते हुए पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल भेज दी. महिला थानाध्यक्ष ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद आरोपित की गिरफ्तारी को लेकर एक पुलिस टीम का गठन किया गया है.
