मां के चंद्रघंटा रूप की हुई पूजा
बक्सर : नवरात्र के तीसरे दिन आस्था से जुड़े लोगों ने माता के तीसरे स्वरूप चंद्रघंटा के रूप की पूजा-अर्चना की. पूजा को लेकर श्रद्धालुओं ने स्नान, ध्यान करने के बाद अपने-अपने क्षेत्र के विभिन्न शक्ति मंदिरों में मां चंद्रघंटा की विधिवत पूजा-अर्चना की. पूजा-अर्चना कार्य मंगलवार को दोपहर तक चलता रहा. वहीं बाजार में नवरात्र को लेकर फलों का भाव बढ़ गया है. हर लोग पूजा-अर्चना में पूरी तरह से लीन देखे गये. कई भक्तों ने आसपास के शक्तिपीठ मंगला भवानी, कामख्या देवी मंदिर, विंध्याचल देवी एवं मैहर माता मंदिर में जाकर माता को शीश नवाया.
नवरात्रि को लेकर शहर के अलावे ग्रामीण इलाके में भी सबसे ज्यादा महिला भक्तों की भीड़ मंदिरों में रही. ऐसी मान्यता है कि मां के इस स्वरूप का पूजन करने से शांतिदायक और कल्याणकारी होता है. फल की प्राप्ति होती है. धर्म से जुड़े लोगों का कहना है कि नवरात्रि के तीसरे दिन की पूजा का अत्यधिक महत्व है. इस दिन साधक का मन स्थिर रहता है. मां चंद्रघंटा की कृपा से साधक को अलौकिक दर्शन होते हैं.
फलों का आंकड़ा एक नजर में :
नवरात्र में फलाहार पर महंगाई का असर दिखने लगा है.नवरात्र में फलों की जैसी ही मांग बढ़ी की बाजार भाव से 10 से 20 रुपये अधिक दाम फलों के बढ़ गये. सबसे ज्यादा तो सेब अंगूर व केले के दाम में वृद्धि हुई है. नवरात्र में नौ दिनों तक फलाहार पर रहकर व्रत करने वाले भक्तों को ज्यादा कीमत पर फलों की खरीदारी करनी पड़ रही है. बाजार भाव देखा जाये तो इन दिनों केले की कीमत 60 दर्जन शिव 120 रुपये किलो अनार, सौ रुपये किलो संतरा, 80 रुपये अंगूर, 80 रुपये तरबूजा, 70 रुपये नारियल, आम दो सौ रुपये, मौसमी 60 रुपये किलो बाजार में बिक रहे हैं. फल व्यवसाइयों का कहना है कि इन दिनों बाजार भाव काफी तेज हो गया है थोक विक्रेता के द्वारा फलों की कीमत बढ़ा दिये जाने से ऐसी स्थिति उत्पन्न हो रही है.
