डुमरांव : डुमरांव-बिक्रमगंज पथ के गैस गोदाम के समीप गुरुवार की देर रात एक गुमटीनुमा दुकान में आग लग गयी. इस दौरान करीब एक लाख का सामान जलकर राख हो गया. इस मामले में पीड़ित ने डुमरांव थाने में आवेदन दिया है. पुलिस इस मामले की छानबीन में जुट गयी है. बताया जाता है कि दक्षिण टोला निवासी चंदन कुमार गैस गोदाम के समीप गुमटी लगाकर जेनरल स्टोर का व्यवसाय करता था. गुरुवार की देर शाम रोज की तरह दुकान बंद कर घर चला गया.
सुबह में जब दुकान खोलने आया तो गुमटी सहित सारा सामान जलकर इधर-उधर बिखरा पड़ा था. पीड़ित ने इसकी खबर परिजनों को दी. सूचना पाकर परिजनों में हाहाकर मच गया और वे भागे-भागे बाजार पर पहुंचे. इस मामले में अगल-बगल के लोगों से संपर्क साधा. पीड़ित ने बताया कि आग कैसे लगी इसकी जानकारी नहीं मिल पायी है. अगलगी में गुमटी में रखा आटा, मैदा, चावल, बेसन, शृंगार सामग्री जलकर बर्बाद हो गया.पीड़ित ने इसकी लागत करीब एक लाख बतायी है. थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़ित के आवेदन के बाद पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है.
