बीडीओ के आदेश पर स्थानीय थाने ने लिया संज्ञान, कर रही जांच पड़ताल
डुमरांव : स्थानीय थाना क्षेत्र के एकौनी गांव में एक दलित महिला से धोखाधड़ी कर प्रधानमंत्री आवास योजना में 20 हजार रुपये वसूले जाने का मामला प्रकाश में आया है. महिला अटांव पंचायत के एकौनी गांव दलित टोला की रहनेवाली भागमनी देवी है. गुरुवार को ठगी की शिकार महिला सूबेदार राम की पत्नी भागमनी देवी ने इस मामले में एक लिखित आवेदन डुमरांव बीडीओ प्रमोद कुमार को सौंप कर न्याय की गुहार लगायी है. बीडीओ ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए स्थानीय पुलिस को सुपुर्द कर दिया. बीडीओ के निर्देश पर पुलिस ने संज्ञान लेते हुए इस मामले में छानबीन शुरू कर दी है.
पीड़ित महिला ने अपने लिखित आवेदन में पंचायत के उपमुखिया पर राशि लेने का आरोप लगाया है. आवेदन के अनुसार पीड़ित महिला को प्रधानमंत्री आवास योजना की मद से दो किस्तों में 90 हजार की राशि सरकार द्वारा दी गयी है. राशि की निकासी होते ही महिला से धोखाधड़ी कर 20 हजार रुपये की वसूली कर ली गयी. इस मामले में डुमरांव पुलिस ने पुष्टि करते हुए बताया कि आवेदन के बाद जांच-पड़ताल शुरू कर दी गयी है. हालांकि इस बाबत उपमुखिया से संपर्क करने की कोशिश की गयी लेकिन संपर्क नहीं हो सका.
लाभुकों पर कसा शिकंजा : प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों पर सरकार ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है. पिछले पांच वर्षों से राशि लेकर आवास नहीं बनानेवाले लाभुकों पर अब सरकार कार्रवाई करने के मूड में है. इस मामले में करीब 900 लाभुकों के खिलाफ नोटिस जारी किया गया है. बीडीओ ने बताया कि ग्रामीण आवास विभाग के निर्देश मिलने के बाद ऐसे लाभुकों को चिह्नित कर नोटिस भेज 31 मार्च तक आवास का निर्माण पूरा करने का निर्देश दिया गया है.
