आरा में औघड़ों को बेचने का किया करता था काम
बक्सर : बक्सर जीआरपी ने शुक्रवार की रात एक तस्कर को मानव कंकाल के 26 टुकड़ों के साथ धर दबोचा. गिरफ्तार युवक नगर थाना क्षेत्र के रहनेवाले महेंद्र डोम का पुत्र तूफानी डोम है. पुलिस अभी उससे पूछताछ कर रही है. बताया जाता है कि तूफानी डोम गंगा नदी से मानव कंकाल लेकर कहीं जाने की तैयारी में था. इसी बीच जीआरपी ने स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर जांच अभियान शुरू किया तो तूफानी भागने लगा. यह देखकर पुलिस ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया.
पुलिस ने जब उसके बैग की जांच की तो उसमें मानव कंकाल के 26 टुकड़े और कुछ पैर की हड्डियां बरामद की गयीं. जीआरपी थानाध्यक्ष कमलेश कुमार राय ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर बहुत दिनों से कंकाल की तस्करी कर रहा है. उन्होंने बताया कि तूफानी गंगा से मानव कंकाल इकट्ठा करके तस्करी करता है. उसके पिता भी यहीं काम करते थे. उनके मरने के बाद तूफानी काम करता था. जीआरपी थानाध्यक्ष ने बताया कि तूफानी आरा के औघड़ को बेचने के लिए मानव कंकाल ले जा रहा था.
औघड़ उससे झाड़-फूंक कर पैसे कमाते हैं. औघड़ का भी पता चल गया है. बहुत जल्द उसे भी गिरफ्तार कर लिया जायेगा.
50 रुपये में बेचता था एक मानव कंकाल : थानाध्यक्ष ने बताया कि तूफानी आरा में गंगा किनारे औघड़ों को मात्र 50 रुपये में एक कंकाल बेचता था. बेचने से जो पैसे मिलते थे, उससे परिवार का पालन-पोषण करता था.
