चौसा (बक्सर) : दानापुर-मुगलसराय रेलखंड के चौसा स्टेशन पर राजधानी एक्सप्रेस दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बच गयी. चालक की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा होने से टल गया. अचानक लगे ब्रेक से यात्रियों में हड़कंप मच गया. बताया जाता है कि रविवार की रात दिल्ली से चल कर राजेंद्रनगर जानेवाली राजधानी एक्सप्रेस चौसा स्टेशन से जैसी ही आगे बढ़ी तो पश्चिमी गुमटी के पास अचानक सिग्नल लाल हो गया.
याित्रयों में मची खलबली
सिग्नल लाल देख कर ड्राइवर ने अचानक इंमरजेंसी ब्रेक लगा दिया. ब्रेक लगते ही चक्के से धुआं निकलने लगा. अचानक लगे ब्रेक से यात्रियों में हड़कंप मच गया. वहीं ट्रेन में तैनात स्काॅर्ट पार्टी ने मामले की जांच करनी शुरू कर दी. इसके बाद ड्राइवर ने इसकी सूचना कंट्रोल को दी. सूचना मिलते ही अधिकारियों में हड़कंप मच गया. करीब दस मिनट के बाद मेमो देकर राजधानी एक्सप्रेस को रवाना किया गया.
वहीं करीब एक घंटा बाद सिग्नल को ठीक कर परिचालन सुचारु रूप से चालू किया गया. एक रेलकर्मी ने बताया कि तकनीकी खामियों के चलते सिग्नल लाल हो गया था. राजधानी को मेमो देकर आगे के लिए रवाना किया गया.
