एक छात्र को बेहतर इलाज के लिए बनारस रेफर कर दिया
धनसोईं : गुरुवार को सड़क हादसे में एक ट्रक ने स्कूली वाहन में जोरदार टक्कर मार दी. घटना के वक्त वाहन में एक दर्जन से अधिक स्कूली बच्चे सवार थे. घटना धनसोईं-दिनारा मुख्य मार्ग पर घटी. ट्रक ओवरटेक करने के दौरान स्कूली वाहन से जा टकराया. इस हादसे में करीब आधा दर्जन बच्चे जख्मी हो गये. वहीं ट्रकचालक वाहन लेकर भागने में सफल रहा. जानकारी के अनुसार रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के मरुआ गांव स्थित मास्टरमाइंड ग्लोबल पब्लिक स्कूल की मैजिक वैन गुरुवार की सुबह बच्चों को लेने के लिए धनसोईं आयी थी. बच्चों को लेने के बाद वैन वापस स्कूल जा रही थी. इसी बीच सिकट्ठी पुल के समीप पीछे से आ रहे ट्रक ने ओवरटेक करने के चक्कर में मैजिक वाहन में टक्कर मार दी, जिससे मैजिक वैन मौके पर ही पलट गयी.
टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास के लोग सहम गये. सभी लोग भागकर वाहन में फंसे बच्चों को बाहर निकाले. साथ ही जख्मी बच्चों को इलाज के लिए धनसोईं पीएचसी में भर्ती कराया, जहां डाॅक्टरों ने एक छात्र विवेक कुमार की हालत गंभीर देखते हुए इलाज के लिए बनारस रेफर कर दिया है. जब इसकी सूचना परिजनों को मिली तो परिजन घटनास्थल की ओर भागने लगे. जख्मी बच्चों में शिवम कुमार, आशीष कुमार, रौशन कुमार समेत कई बच्चे शामिल हैं. धनसोईं थानाध्यक्ष रविकांत कुमार ने बताया कि दिनारा थाना क्षेत्र का मामला है. घटना की सूचना मिली थी लेकिन घटनास्थल पर कुछ नहीं मिला. पुलिस घटना की जांच में जुटी है.
