कार्रवाई. कुख्यात शेरू सिंह का भाई प्रभाकर और राहुल चढ़े हत्थे
10 अक्तूबर धन जी सिंह की रोहतास में हुई थी हत्या
छापेमारी के दौरान विदेशी राइफल एवं भारी संख्या में कारतूस बरामद
बक्सर : रणवीर सेना के पूर्व एरिया कमांडर धनजी सिंह के हत्या के मामले में एसटीएफ ने बक्सर में बड़ी कार्रवाई की है. टीम ने रोहतास और बक्सर पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में दो लोगों को अलग-अलग जगहों से गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अपराधियों में कुख्यात शेरू सिंह का चचेरा भाई प्रभाकर सिंह तथा कसिया गांव निवासी राहुल सिंह उर्फ दीपू शामिल है. छापेमारी के दौरान पुलिस को प्रभाकर सिंह के घर से दो विदेशी राइफल जो यूएस निर्मित तथा 54 कारतूस बरामद हुए हैं. गिरफ्तारी के साथ ही एसटीएफ की टीम अपने साथ लेकर चली गयी है. सीएम के आगमन के एक दिन पहले एसटीएफ द्वारा की कार्रवाई से हड़कंप मच गया है.
10 अक्तूबर, 2017 को रणवीर सेना के पूर्व एरिया कमांडर धनजी सिंह की रोहतास जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत हत्या कर दी गयी थी. हत्या के बाद मृतक की पत्नी किरण देवी द्वारा नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी थी.धनजी सिंह हत्याकांड के बाद एसटीएफ की टीम लगी हुई थी. टीम को जैसे ही हत्याकांड में शामिल नामजदों का इनपुट मिला, जिसके बाद एसटीएफ की टीम ने बक्सर पुलिस से संपर्क किया. एक साथ रोहतास, बक्सर और एसटीएफ की टीम ने छापेमारी की, जहां से प्रभाकर सिंह और राहुल उर्फ दीपू को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार अपराधियों से टीम पूछताछ कर रही है. वहीं फरार चल रहे अन्य नामजदों की गिरफ्तारी के लिए भी दबिश बनाये हुए हैं.
प्रभाकर के घर से मिली हथियारों का जखीरा
एसटीएफ की टीम कुख्यात शेरू सिंह के चचेरे भाई प्रभाकर सिंह के गांव अमवा का डेरा में छापेमारी की, जहां से यूएस मॉडल के दो राइफल, एक पिस्टल तथा एक बंदूक बरामद हुआ है. वहीं 54 कारतूस भी मिले हैं, जिनकी जांच पुलिस कर रही है.
जब्त हथियारों की होगी फोरेंसिक जांच
एसटीएफ की टीम द्वारा की गयी छापेमारी में हथियार और कारतूस का जो जखीरा बरामद हुआ है. उसमें से जब्त हथियारों को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जायेगा, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि इसका इस्तेमाल धनजी सिंह हत्याकांड में हुआ था कि नहीं.
मृतक की पत्नी के बयान पर दर्ज हुई थी प्राथमिकी
धनजी सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी. मृतक की पत्नी किरण देवी के बयान पर रोहतास के मुफस्सिल थाना में नंदन गुप्ता, अमित कुमार, चंदन यादव, रौशन कुमार, अभिषेक कुमार, अमित कुमार मिश्रा, सत्येंद्र कुमार मिश्रा पर एफआईआर दर्ज करायी गयी थी.
खुलेगा हत्या का राज
गिरफ्तार राहुल और प्रभाकर सिंह से एसटीएफ की टीम पूछताछ कर रही है. वहीं फरार चल रहे नामजदों की गिरफ्तारी को लेकर भी लगी हुई है. विदित हो कि हत्याकांड में कई लोगों के नाम उजागर हुए थे, जिसके बाद एसटीएफ की टीम पूरे घटनाक्रम पर नजर रखे हुए है.
