ठिठुरन. तापमान में गिरावट जारी, 10 जनवरी तक बनेगा इसी तरह का मौसम
बीते एक सप्ताह से ठंड और शीत लहर का प्रकोप जारी है. दो दिनों से हल्की धूप निकलने से लोग राहत की सांस ले रहे हैं. फिर भी पछुआ हवा ने लोगों की दिनचर्या पूरी तरह से बदल दी है.गर्म कपड़ों के बाजार ग्राहकों से गुलजार हैं. ठंड के कारण रूम हीटर और ब्लोअर की भी डिमांड बढ़ गयी है.
बक्सर : बढ़ते ठंड से ऊनी कपड़ों का बाजार गुलजार हो उठा है. बाजार में स्वेटर, जैकेट, मफलर की दुकानों पर काफी भीड़ जुट रही है. रजाई-गद्दों की दुकानों पर भी भीड़ देखी जा रही है. गर्म कपड़ों की दुकानों पर लोग ठंड से बचने के लिए ऊनी सामान की खरीदारी कर रहे हैं. इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानों पर सबसे ज्यादा रूम हीटर की खरीदारी हो रही है. मौसम के इस बदलाव का असर जन-जीवन पर भी पड़ रहा है. इस स्थिति में विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है. जबकि खान-पान तथा पहनावे पर ध्यान देने की जरूरत है.
वहीं कंबल और ऊनी शाल बेचनेवाले लोग भी अन्य राज्यों से बक्सर पहुंचे हैं जो शहर की गली, मुहल्लों में घूम-घूम कर कंबल और चादर बेच रहे हैं. हिमाचल प्रदेश से आये एक व्यवसायी ने बताया कि दो सौ रुपये से तीन हजार रुपये तक का कंबल और चादर हम लोगों के पास है.
गर्म कपड़ों से बाजार हुआ गर्म : बाजार में गर्म कपड़े का स्टाल फुटपाथ से लेकर शो रूम तक सज गया है, जिसमें बच्चों, युवा और महिलाओं के लिए सभी रेंज के कपड़े हैं. बाजार में वर्तमान में जैकेट हाफ तीन सौ से लेकर एक हजार, जैकेट फुल पांच सौ से दो हजार तक, चमड़ा जैकेट दो हजार से छह हजार तक, स्कार्फ 50 से 140 रुपये तक, टोपी 40 से 160 तक, लेडिज जैकेट एक हजार के करीब, ऊलेन कुर्ती तीन सौ से एक हजार तक, मौजा सौ रुपये, इनर बीयर पांच सौ के करीब, स्टाल 150 से चार सौ तक, चादर तीन सौ से एक हजार तक, बाबा सूट तीन सौ से सात सौ, स्वेटर सेट पांच सौ तक, स्वेटर तीन सौ से दो हजार तक बाजार में मिल रहे हैं.
सावधानी बरतने की जरूरत : बदलते मौसम में सेहत का ख्याल नहीं रखना भारी पड़ सकता है. डॉक्टर की मानें तो खान-पान तथा रहन-सहन के मामले में खास ध्यान देने की जरूरत है. आजकल वायरल इंफेक्शन के मामलों में लगातार इजाफा हो रहा है. बड़ों के साथ बच्चे भी वायरल इंफेक्शन की चपेट में आ रहे हैं. इस मौसम में बच्चों तथा बुजुर्गों को एहतियात बरतने की जरूरत है.
तापमान में होगी गिरावट : मौसम द्वारा जारी पूर्वानुमान के मुताबिक अगले पांच दिनों तक मौसम इसी तरह रहेगा. 10 जनवरी के बाद तापमान में गिरावट कम होगी. इसके साथ ही धूप भी खिलेंगे. एक सप्ताह से लगातार तापमान में गिरावट जारी है.
बक्सर जिले का तापमान एक नजर में
26 दिसंबर…………अधिकतम 20 डिग्री, न्यूनतम………….10 डिग्री
27 दिसंबर…………..अधिकतम 18 डिग्री, न्यूनतम………….09 डिग्री
28 दिसंबर…………..अधिकतम 20 डिग्री, न्यूनतम………….10 डिग्री
29 दिसंबर………….. अधिकतम19 डिग्री, न्यूनतम………….09 डिग्री
30 दिसंबर………….. अधिकतम16 डिग्री, न्यूनतम………….06 डिग्री
31 दिसंबर……………अधिकतम22 डिग्री, न्यूनतम………….12 डिग्री
01 जनवरी……………अधिकतम20 डिग्री, न्यूनतम………….09 डिग्री
