सिमरी : भूमि विवाद में जहां एक ओर शनिवार की शाम इटाढ़ी के एक युवक की हत्या गोली मारकर कर दी गयी. वहीं सिमरी थाना क्षेत्र के तिलक राय हाता के ठगनी डेरा गांव भूमि विवाद में ही गोलियों की तड़तड़ाहट से थर्रा उठा. दोनों पक्षों के बीच जमकर हुई फायरिंग से गांव में अफरातफरी का माहौल कायम हो गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच मामले की जांच में जुट गयी है. जानकारी के अनुसार रामाकांत यादव और रामेश्वर यादव के बीच पूर्व से जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा है.
शनिवार की देर शाम विवादित जमीन पर बाजरा का डांठ रखने को लेकर दोनों पक्ष आपस में भिड़ गये, जिसके बाद दोनों तरफ से दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग की जाने लगी. फायरिंग से अफरातफरी का माहौल कायम हो गया. इस गोलीबारी की घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. पुलिस फिलहाल मामले की जांच करते हुए घटना में शामिल लोगों की गिरफ्तारी को लेकर लगी हुई है.
