नगर पर्षद के बोर्ड की बैठक में शुक्रवार को कई योजनाओं को ध्वनि मत से पारित कर दिया गया. बोर्ड की बैठक में 20 योजनाओं पर स्वीकृति की मुहर लगी. ये योजनाएं ऐसी हैं जिनका क्रियान्वयन अगर सही ढंग से हो जाये तो शहर की सूरत ही बदल जायेगी.
बक्सर : बक्सर नगर पर्षद के बोर्ड की बैठक मुख्य पार्षद माया देवी की अध्यक्षता में शुक्रवार को आयोजित हुई. बैठक में शहर के सौंदर्यीकरण एवं साफ-सफाई की व्यवस्था पर चर्चा की गयी. इसके साथ ही 20 एजेंडों पर स्वीकृति की मुहर लगायी गयी. मुख्य रूप से मुख्यमंत्री नली-गली के पक्कीकरण योजनाओं के वार्ड सभा द्वारा चयनित योजनाओं को त्वरित गति से कराने का निर्णय लिया गया. बैठक के दौरान नगर पर्षद में गहमागहमी का माहौल था.
पक्ष और विपक्ष पहले से तैयारी कर जुटे हुए थे लेकिन जैसे ही बक्सर के विकास की बातें शुरू हुईं सभी ने एक स्वर से अपनी सहमति जतायी. शांतिपूर्ण ढंग से वार्ड पार्षदों ने बक्सर के विकास के लिए एक होकर ध्वनि मत से स्वीकृति की मुहर लगा दी. योजनाओं को पूरा कर लिया जाता है तो शहर की सूरत ही बदल जायेगी. बैठक में उप मुख्य पार्षद इंद्र प्रताप सिंह उर्फ बबन सिंह, कार्यपालक अभियंता राजीव कुमार, संतोष कुमार केसरी, राकेश कुमार गुप्ता, संतोष कुमार सिंह सहित सभी वार्ड पार्षद शामिल थे.
बनेगा शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, नीचे तल्ले पर होगा सब्जी मार्केट : नगर पर्षद के बोर्ड की बैठक में नगरपालिका के परती जमीन पर तीन मंजिला मार्केट बनवाया जायेगा, जिसमें नीचे का तल्ला पर सब्जी मार्केट होगा, दूसरे तल्ले पर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स तथा तीसरे तल्ले पर जरूरत के अनुसार मार्केट को बनवाया जायेगा. इसके बनने से जहां सब्जी बेचनेवाले दुकानदारों को काफी राहत मिलेगी. वहीं सब्जी के साथ-साथ सामान के भी खरीदारी ग्राहक कर सकेंगे.
ट्रेड लाइसेंस की श्रेणी में होगा बंटवारा : बैठक में ट्रेड लाइसेंस की श्रेणी को तीन भागों में बांटा गया, जिसको लेकर सभी वार्ड पार्षदों ने अपनी सहमति जतायी. इसका बंटवारा दुकानों के आधार पर किया जायेगा, जिसमें 1500, 2000, 2500 रुपये तक निर्धारित किया गया है. आनेवाले दिनों में इसका फीगर साफ रूप से दिखने लगेगा.
ये वार्ड पार्षद अस्वस्थ रहने के कारण रहे अनुपस्थित : नगर पर्षद की बैठक में कुल 25 वार्ड पार्षद उपस्थित रहे. जबकि कुछ वार्ड पार्षदों की तबीयत खराब होने के कारण बैठक में हिस्सा नहीं ले पाये, जिनमें शशि कुमार गुप्ता उर्फ डब्बू, योगेश राम, बंदना श्रीवास्तव सहित सात लोग अनुपस्थित थे.
इन एजेंडो पर लगी मुहर
नगरपालिका के ऊपरी तल्ले पर बनेगा रेकाॅर्ड रूम
आर्किटेक्ट के रजिस्ट्रेशन के संबंध में
विज्ञापन का दर निर्धारित करने के संबंध में
कचरे से कंपोस्ट बनाने के कंसलटेंसी के संबंध में
पुराना नगरपालिका अंडर ग्राउंड मार्केट कटरा और मैरेज हॉल
नगरपालिका में जेई लाने के संबंध में
सफाई कार्य में अतिरिक्त लेबर लगाने के संबंध में
मुख्यमंत्री नली गली पक्कीकरण योजना के संबंध में
रामरेखा घाट से ताड़का नाला और पुरानी कचहरी के बीच डिवाइडर बनाने के संबंध में
विशेषज्ञ की नियुक्ति के संबंध में
नगरपालिका की जमीन पर सब्जी मार्केट बनाने के संबंध में
बड़ी बाजार में नियमित सफाई और सौंदर्यीकरण
पार्क बनाने के संबंध में
