Bullet Train High Speed Rail Corridor: बिहार को अब तक कई सारे हाई स्पीड ट्रेन की सौगात मिल चुकी है. इसमें अब बुलेट ट्रेन का नाम भी शामिल होने वाला है. बिहार के कई जिलों से बुलेट ट्रेन 320 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेगी. देश में 7 रूटों पर बुलेट ट्रेन के लिए हाई स्पीड रेल कॉरिडोर बनाए जायेंगे.
वाराणसी-पटना-सिलीगुड़ी कॉरिडोर होगा सबसे लंबा
जानकारी के मुताबिक, वाराणसी-पटना-सिलीगुड़ी देश का सबसे लंबा बुलेट ट्रेन कॉरिडोर होगा. यह कॉरिडोर दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और बंगाल को जोड़ेगा. बिहार में पटना, बक्सर, बेगूसराय, खगड़िया, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज समेत कई अन्य जिलों से होते हुए बुलेट ट्रेन गुजरेगी. संभावना जताई जा रही है कि इस कॉरिडोर को भविष्य में गुवाहाटी तक भी बढ़ाया जा सकता है.
बिहार से दिल्ली जाना होगा आसान
बताया जा रहा है कि वाराणसी-पटना-सिलीगुड़ी कॉरिडोर दिल्ली, वाराणसी से पटना होते हुए पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी तक जायेगा. ऐसे में पटना से दिल्ली जाना बेहद आसान हो सकेगा. बिहार में बुलेट ट्रेन के लिए लगभग 400 किलोमीटर लंबा ट्रैक बिछाया जाएगा. साथ ही तीन जिलों में पटना, बक्सर और कटिहार में स्टेशन बनाए जाने की भी खबर है.
ट्रेन में मिलेंगी ये सुविधाएं
बुलेट ट्रेन में यात्रियों को हाई लेवल सुविधाएं मिल सकेंगी. जानकारी के मुताबिक, यात्रियों के लिए इसमें एक्टिव सस्पेंशन सिस्टम और ऑटोमैटिक सीट रोटेशन सिस्टम भी होगा. बीमार लोगों और बच्चों को दूध पिलाने वाली महिलाओं के लिए फोल्डिंग बेड की सुविधा होगी. साथ ही मॉडर्न फैसिलिटी वाले टॉयलेट होंगे. दिव्यांगजनों के लिए भी स्पेशल व्यवस्था होगी. इसके अलावा भी कई सुविधाएं लोगों के लिए होंगी.
बुलेट ट्रेन चलने से फायदा
बुलेट ट्रेन की सौगात बिहार के लिए इसलिए भी और खास मानी जा रही है क्योंकि इससे युवाओं के लिए रोजगार उपलब्ध हो सकेंगे. जिन तीन जिलों से बुलेट ट्रेन गुजरेगी, वहां लॉजिस्टिक्स और इंडस्ट्रियल हब डेवलप हो सकेंगे. इसके साथ ही लोगों के समय की भी बचत हो सकेगी. शिक्षा, कारोबार या फिर चिकित्सा के लिए भी आना-जाना आसान हो सकेगा.
Also Read: 'दोषियों को फांसी हो', बंटी यादव के परिजनों से मिले पप्पू यादव, बोले- हम मजबूती से परिवार के साथ हैं
