Bihar Sattu in BRICS Goodie Bag भारत में 12 और 13 सितंबर को आयोजित 18वें BRICS समिट में बिहार का सत्तू भी देश की संस्कृति और स्थानीय उत्पादों की पहचान के तौर पर विदेशी मेहमानों तक पहुंचेगा. नई दिल्ली के भारत मंडपम में 12 और 13 सितंबर को होने वाले BRICS समिट में शामिल होने वाले भारतीय और विदेशी पत्रकारों तथा प्रतिनिधियों के लिए तैयार किए गए खास ‘गुडी बैग’ में बिहार के सत्तू को जगह दी गई है. ऐसे में अंतरराष्ट्रीय मंच पर बिहार के इस पारंपरिक खाद्य उत्पाद की चर्चा एक बार फिर तेज हो गई है. समिट में शामिल होने वाले मेहमानों को दिए जाने वाले इस खास हैंपर में देश के अलग-अलग हिस्सों के नौ स्थानीय उत्पाद शामिल किए गए हैं.
बिहार के सत्तू को मिली खास जगह
गुडी बैग में शामिल बिहार के सत्तू ने खास तौर पर ध्यान खींचा है. सत्तू भुने हुए चने से तैयार किया जाता है और बिहार के खान-पान का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है. गर्मी के मौसम में सत्तू का शरबत और नमक-मसाले के साथ इसका सेवन बिहार में बेहद लोकप्रिय है. सत्तू को लंबे समय से ग्रामीण और शहरी दोनों इलाकों में सस्ता, पौष्टिक और आसानी से उपलब्ध खाद्य पदार्थ माना जाता रहा है. BRICS जैसे अंतरराष्ट्रीय आयोजन के गुडी बैग में सत्तू को शामिल किया जाना बिहार के पारंपरिक उत्पादों के लिए एक बड़ा मंच माना जा रहा ह.। इससे बिहार के स्थानीय खान-पान और यहां के पारंपरिक उत्पादों को देश-विदेश के मेहमानों तक पहुंचाने का अवसर मिला है.
बिहार से जुड़ी अन्य ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें..
बिहार के लिए क्यों खास है यह मौका?
बिहार में सत्तू सिर्फ एक खाद्य पदार्थ नहीं, बल्कि यहां की खान-पान की संस्कृति का हिस्सा है. चना आधारित इस उत्पाद की पहचान अब बिहार की पारंपरिक खाद्य विरासत के तौर पर भी की जा रही है. BRICS समिट में इसकी मौजूदगी इस बात का संकेत है कि स्थानीय और पारंपरिक उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में भी पहचान मिल रही है.
गुडी बैग में बिहार के सत्तू के साथ गुजरात का ब्लॉक-प्रिंटेड स्टोल, कॉफी मग और टोट बैग समेत कई अन्य स्थानीय उत्पाद शामिल हैं. बैग में इन-बिल्ट चार्जिंग पोर्ट भी दिया गया है, ताकि समिट में मौजूद पत्रकार और प्रतिनिधि अपने इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को चलते-फिरते चार्ज कर सकें.
1,200 से 1,300 पत्रकारों के पहुंचने की उम्मीद
18वें BRICS समिट की कवरेज के लिए दिल्ली में करीब 1,200 से 1,300 पत्रकारों के पहुंचने की उम्मीद है. इनमें BRICS के सदस्य देशों के साथ-साथ सहयोगी देशों के पत्रकार भी शामिल होंगे. भारत मंडपम में पत्रकारों की सुविधा के लिए विशेष इंटरनेशनल मीडिया सेंटर भी तैयार किया जा रहा है.
BRICS के विस्तारित समूह में 11 पूर्ण सदस्य देश-ब्राजील, चीन, मिस्र, इथियोपिया, भारत, इंडोनेशिया, ईरान, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका और UAE शामिल हैं. इसके अलावा बेलारूस, बोलीविया, क्यूबा, कजाकिस्तान, मलेशिया, नाइजीरिया, थाईलैंड, युगांडा, उज्बेकिस्तान और वियतनाम सहयोगी देशों के रूप में जुड़े हैं. अंतरराष्ट्रीय मेहमानों के हाथों तक बिहार का सत्तू पहुंचना सिर्फ एक खाद्य उत्पाद की मौजूदगी नहीं, बल्कि बिहार की स्थानीय संस्कृति और देसी स्वाद को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने का मौका भी है.
Also Read : बिहार में कम बारिश, फिर भी आई भीषण बाढ़; जानिए आखिर कैसे बढ़ा नदियों का जलस्तर
