Bihar Student Protest: बिहार में BPSC TRE-4 को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार जारी है. गर्दनीबाग में धरने पर बैठे छात्रों ने साफ कर दिया है कि उनकी सभी मांगें पूरी होने तक आंदोलन खत्म नहीं होगा. छात्र नेता दिलीप ने प्रभात खबर से EXCLUSIVE बातचीत में सरकार और BPSC के सामने अपनी मांगें रखीं.
दिलीप ने कहा कि TRE-4 में एक ही परीक्षा होनी चाहिए. साथ ही परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग नहीं होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि जो नियम पहले से तय थे, उनमें डोमिसाइल नीति भी लागू होनी चाहिए।
'दो परीक्षा का फैसला सही नहीं'
छात्र नेता दिलीप ने TRE-4 के नए परीक्षा पैटर्न पर सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि दो परीक्षाएं कराने की बात कही गई है, जो सही नहीं है. उनकी मांग है कि पहले की तरह एक ही परीक्षा हो. इसमें नेगेटिव मार्किंग नहीं होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि छात्र अपनी मांगों को लेकर पीछे हटने वाले नहीं हैं. दिलीप ने कहा, 'हम लोग आगे भी बैठे रहेंगे. यहां से नहीं हिलेंगे.'
आमरण अनशन की भी दी चेतावनी
आंदोलन को लेकर छात्र नेता ने आगे की रणनीति भी साफ कर दी है. उन्होंने कहा कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो छात्र आमरण अनशन पर भी जाएंगे. इसके अलावा विधानसभा के घेराव और शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के आवास के घेराव की भी चेतावनी दी गई है.
तेजस्वी के राजभवन मार्च में नहीं जाएंगे छात्र
19 अगस्त को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव राजभवन मार्च करने वाले हैं. उन्होंने धरनास्थल पर पहुंचकर TRE अभ्यर्थियों से मुलाकात की थी. छात्रों की मांगों का समर्थन करते हुए उन्होंने आंदोलन में साथ देने की बात कही. हालांकि, छात्र नेता दिलीप ने साफ कर दिया कि छात्र तेजस्वी यादव के राजभवन मार्च में शामिल नहीं होंगे. उन्होंने कहा कि छात्र आंदोलन किसी राजनीतिक दल का आंदोलन नहीं है.
'हम छात्र हैं, राजनीतिक पार्टी नहीं'
तेजस्वी यादव से हुई मुलाकात पर दिलीप ने कहा कि छात्र अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं. यह किसी राजनीतिक पार्टी का आंदोलन नहीं है. उन्होंने कहा, 'हम लोग छात्र हैं और आंदोलन कर रहे हैं. हम कोई पॉलिटिकल पार्टी नहीं हैं. कोई नेता आ गया तो हम उन्हें भगा तो नहीं सकते.'
यानी छात्रों ने समर्थन लेने से इनकार नहीं किया है, लेकिन आंदोलन को राजनीतिक रंग देने से भी दूरी बना रखी है.
'हमारी सारी मांगें अभी बाकी हैं'
BPSC TRE के छात्रों की आगे की रणनीति पर दिलीप ने कहा कि उनकी सभी मांगें अभी पूरी नहीं हुई हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि सुबह से ही छात्रों को भटकाने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि छात्र अभी भी अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं. मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
TRE-4 में बदला परीक्षा का पैटर्न
दरअसल, TRE-4 में परीक्षा का पैटर्न पिछली तीन शिक्षक भर्तियों से अलग रखा गया है. इस बार अभ्यर्थियों को पहले PT परीक्षा पास करनी होगी. इसके बाद सफल अभ्यर्थी मेंस परीक्षा में शामिल होंगे.
यानी TRE-4 में शिक्षक बनने के लिए अभ्यर्थियों को दो लिखित परीक्षाओं से गुजरना होगा. पहले PT में सफलता हासिल करनी होगी और फिर मेंस परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करना होगा. यही बदलाव अब अभ्यर्थियों के विरोध की प्रमुख वजहों में शामिल है.
गर्दनीबाग पहुंचे तेजस्वी यादव
मंगलवार को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव गर्दनीबाग स्थित धरनास्थल पहुंचे. उन्होंने BPSC TRE अभ्यर्थियों से मुलाकात की और उनकी मांगों का समर्थन किया.
तेजस्वी ने कहा कि वह छात्रों की इस लड़ाई में उनके साथ हैं. उन्होंने छात्रों से 19 अगस्त को होने वाले राजभवन मार्च में शामिल होने की अपील भी की. तेजस्वी ने कहा कि वह छात्रों के अधिकार और उनकी मांगों के लिए संघर्ष में साथ खड़े हैं.
'BPSC TRE की शुरुआत हमने ही की'
तेजस्वी यादव ने कहा कि BPSC TRE की शुरुआत उनके कार्यकाल में हुई थी. उन्होंने अभ्यर्थियों से सरकार के सामने अपनी मांगों को लेकर संघर्ष जारी रखने की अपील की.
