शेखोपुरसराय. प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों में सिलाई-कढ़ाई का मुफ्त प्रशिक्षण देकर बेटियों और बहुओं को हुनरमंद बनाने में शबनमलता अहम भूमिका निभा रही है. प्रखंड के विभिन्न गांवों में महिलाओं को हुनरमंद बनाकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का कार्य कर रही है. पिछले तीन वर्षों से शबनम लता गांव-गांव जाकर गरीब, असहाय एवं विवश महिलाओं और युवतियों को सिलाई-कढ़ाई जैसे हुनर का तीन माह का निःशुल्क प्रशिक्षण दे रही हैं. इस प्रशिक्षण से सैकड़ों महिलाएं इस प्रशिक्षण का लाभ उठाकर अपने पैरों पर खड़ी हो चुकी हैं और घरेलू आय में सहयोग कर रही हैं. सिर्फ महिलाओं तक सीमित न रहते हुए, शबनम लता ने ग्रामीण छात्र-छात्राओं के लिए निःशुल्क कोचिंग की व्यवस्था भी की है. गांवों में रहकर पढ़ाई करने वाले बच्चों के लिए यह कोचिंग एक वरदान साबित हो रही है. खासकर नवमी कक्षा से ऊपर के विद्यार्थियों को वे आधुनिक युग की कंप्यूटर शिक्षा भी निःशुल्क प्रदान कर रही हैं. उनका मानना है कि तकनीकी शिक्षा के बिना आज के समय में प्रगति संभव नहीं है. शबनम लता के प्रयासों से बिहार में अब तक सैकड़ों निःशुल्क सिलाई प्रशिक्षण और कोचिंग केंद्र खोले जा चुके हैं. इनके माध्यम से वे गरीबों के बीच एक प्रेरणास्त्रोत बन चुकी हैं. उनका सपना है कि हर गांव की महिला और बच्चा शिक्षित और आत्मनिर्भर हो. वेलाव पंचायत के मुखिया पिंटू कुमार, पैक्स अध्यक्ष संजय कुमार, जदयू अध्यक्ष जयप्रकाश और सेवानिवृत्त मुखिया अनिल कुमार ने शबनम लता के सुनहरे भविष्य की कामना करते हुए उन्हें तहे दिल से बधाई दी है. शबनम लता आज समाज सेवा, शिक्षा और महिला सशक्तिकरण का एक बेहतरीन उदाहरण बन चुकी हैं, जिनकी कार्यशैली से आने वाली पीढ़ियों को भी सीख मिलेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.