करायपरसुराय में फायरिंग से दहशत, किसान पर हमले के दौरान महिला को लगी गोली

Biharsharif News : नालंदा जिले के करायपरसुराय में शराब माफियाओं के हमले में एक महिला घायल हो गई. किसान पर जानलेवा हमले के दौरान गोली लगने से महिला गंभीर रूप से जख्मी हो गईं. पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.

Biharsharif News : नालंदा जिले के हिलसा अनुमंडल अंतर्गत करायपरसुराय थाना क्षेत्र के अब्बुपुर गांव के खंधा में मंगलवार सुबह हुई गोलीबारी से इलाके में दहशत फैल गई. कथित शराब माफियाओं द्वारा एक किसान पर किए गए जानलेवा हमले के दौरान एक महिला गोली लगने से घायल हो गई. घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है.

किसान पर हमले के दौरान महिला हुई घायल

घायल महिला की पहचान अब्बुपुर गांव निवासी सरयू बिंद की लगभग 40 वर्षीय पत्नी मालती देवी के रूप में हुई है. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल करायपरसुराय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें पटना रेफर कर दिया.

चिकित्सकों ने हाथ में गोली का छर्रा लगने की जताई आशंका

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों के अनुसार, मालती देवी के बाएं हाथ में गोली का छर्रा लगने की आशंका है. उनकी स्थिति को देखते हुए उच्च स्तरीय उपचार के लिए रेफर किया गया है.

ग्रामीणों ने कथित शराब माफिया पर लगाया आरोप

ग्रामीणों के अनुसार, गांव का राजकुमार पासवान अपने सहयोगियों के साथ घटना को अंजाम देकर फरार हो गया. स्थानीय लोगों का आरोप है कि वह अवैध शराब के कारोबार से जुड़ा हुआ है. घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है.

पुलिस ने शुरू की छापेमारी

हिलसा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी) सुनील कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी की पहचान कर ली गई है. इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

ग्रामीणों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग

घटना के बाद ग्रामीणों ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा.

Also Read : दिव्या हत्याकांड का मुख्य आरोपी राहुल यादव गिरफ्तार, शेरघाटी पुलिस ने लिया हिरासत में



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Santosh Kumar

Published by: Yuvraj Ratan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >