BiharSharif News : बिहारशरीफ के लहेरी थाना क्षेत्र के बड़ी पहाड़ी मोहल्ले से एक विवाहिता के संदिग्ध परिस्थितियों में घर छोड़कर चले जाने का मामला सामने आया है. परिवार का आरोप है कि विवाहिता घर से जेवरात और अपने कपड़े लेकर फरार हो गई, जबकि उसका मंगलसूत्र घर में ही छोड़ दिया. मामले में ससुर ने प्रेम प्रसंग की आशंका जताते हुए पुलिस को आवेदन दिया है.
पति को स्वीकार करने से कर दिया था इनकार
बड़ी पहाड़ी निवासी कामेश्वर प्रसाद ने बताया कि करीब दो वर्ष पहले उन्होंने अपने छोटे बेटे संजीव कुमार का विवाह पटना जिले के दनियावां थाना क्षेत्र के सरथुआ गांव निवासी खुशबू से बिना दहेज के धूमधाम से कराया था. उनके अनुसार, शादी के शुरुआती कुछ महीने सब सामान्य रहा, लेकिन बाद में बहू ने उनके बेटे को पति के रूप में स्वीकार करने से इनकार कर दिया.
मौका पाकर पिछले दरवाजे से हुई फरार
उनका दावा है कि बहू ने कभी भी संजीव के साथ वैवाहिक संबंध नहीं बनाए और हमेशा उससे दूरी बनाकर रखी.परिजनों के मुताबिक बुधवार की शाम कामेश्वर प्रसाद अपने बेटे के साथ बाजार गए थे. लौटने पर बहू घर में नहीं मिली. काफी खोजबीन के बाद पता चला कि वह पिछले दरवाजे से निकल गई है.
सोशल मीडिया और अज्ञात युवक पर है गहरा शक
कमरे की जांच करने पर अलमारी से जेवरात और कुछ कपड़े गायब मिले, जबकि ट्रॉली बैग घर में ही पड़ा था.कामेश्वर प्रसाद का आरोप है कि बहू सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती थी और पहले भी एक युवक के साथ देखी गई थी. उनका कहना है कि उन्हें आशंका है कि वह उसी युवक के साथ चली गई है. वहीं, संजीव कुमार ने भी आरोप लगाया कि उसकी पत्नी अक्सर मोबाइल पर किसी से बात करती थी और एक बार एक युवक को अपना भाई बताकर घर भी लाई थी.
जांच में जुटी पुलिस
इस संबंध में लहेरी थाना अध्यक्ष रंजीत कुमार रजक ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है. आवेदन मिलने पर जांच कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। वहीं, परिजनों का कहना है कि थाना में आवेदन दे दिया गया है और रिसीविंग के लिए शुक्रवार को बुलाया गया है.
