नालंदा: खबर छपी तो जागा वन विभाग, वेणुवन की सफाई और सुविधाओं को दुरुस्त करने का काम तेज

वन विभाग ने वेणुवन की बदहाली पर 'प्रभात खबर' की खबर के बाद त्वरित कार्रवाई की है. अब वेणुवन में जगह-जगह घास-झाड़ियों की कटाई, पाथवे की सफाई और फाउंटेन-लाइट चालू करने का काम युद्धस्तर पर चल रहा है. उम्मीद है जल्द ही यह ऐतिहासिक स्थल अपने पुराने वैभव में लौटेगा.

rajgir venuvan: महात्मा बुद्ध की साधना और मगध सम्राट बिंबिसार की ऐतिहासिक स्मृतियों को संजोए राजगीर का प्राचीन वेणुवन अब फिर अपने पुराने आध्यात्मिक वैभव की ओर लौटता दिख रहा है. देशी-विदेशी पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए इस ऐतिहासिक स्थल को आकर्षक, व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने का काम तेज कर दिया गया है. वेणुवन पार्ट टू में जगह-जगह उगी घास और झाड़ियों की कटाई-छंटाई, पाथवे के किनारे सफाई और बुद्ध बेली बांस के संरक्षण का कार्य कराया जा रहा है.

वेणुवन की बदहाल व्यवस्था को लेकर ‘प्रभात खबर’ में 31 अगस्त को ‘जर्जर फुटब्रिज और बंद फाउंटेन से वेणुवन की खूबसूरती में आई कमी’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की गयी थी. इसके बाद वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डीएफओ राजकुमार एम ने स्वयं वेणुवन का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये.

डीएफओ ने कहा- ऐतिहासिक पहचान से समझौता नहीं

निरीक्षण के दौरान डीएफओ ने वेणुवन की आध्यात्मिक गरिमा और पर्यटन महत्व को बनाए रखने के लिए वनों के क्षेत्र पदाधिकारी को कई आवश्यक निर्देश दिये. उन्होंने स्पष्ट कहा कि ऐतिहासिक वेणुवन की वैश्विक पहचान से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा.

डीएफओ ने कहा कि वेणुवन की सुंदरता, स्वच्छता और पर्यटकीय सुविधाओं को हर हाल में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बनाए रखना विभाग की प्राथमिकता है.

घास और झाड़ियों की युद्धस्तर पर कटाई-छंटाई

वेणुवन पार्ट टू में उगी झाड़ियों और बेतरतीब घास की युद्धस्तर पर कटाई-छंटाई करायी जा रही है. सफाई के बाद निकलने वाले कचरे और घास को भी निर्धारित स्थान पर ले जाकर डंप किया जा रहा है. इससे परिसर को व्यवस्थित और साफ-सुथरा बनाने का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है.

वेणुवन में घास की कटाई करते कर्मचारी

फाउंटेन और लाइट चालू करने का निर्देश

डीएफओ ने वेणुवन में बंद पड़े सभी फाउंटेन और लाइट को अविलंब चालू करने का निर्देश दिया है. हालांकि शुक्रवार को दिन में फाउंटेन बंद मिला. कर्मचारियों ने बताया कि फाउंटेन को शाम चार बजे से चालू किया जाता है.

शौचालय में कुछ सुधार, कमोड के फ्लश अब भी खराब

वेणुवन के शौचालय की व्यवस्था में भी सुधार किया गया है. बेसिन के खराब नल को दुरुस्त कर दिया गया है, लेकिन कमोड के फ्लश अब भी खराब पड़े हैं. इससे पर्यटकों को पूरी सुविधा मिलने में अभी कुछ कमी बनी हुई है.

लापरवाही पर कर्मियों को कार्रवाई की चेतावनी

डीएफओ राजकुमार एम ने कहा कि वेणुवन की देखरेख और सौंदर्यीकरण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. लापरवाही करने वाले कर्मियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने बताया कि कर्तव्यहीनता के आरोप में एक कर्मी को सेवा से निलंबित भी किया गया है.

पर्यटकों के लिए जल्द बदलेगा वेणुवन का स्वरूप

वन विभाग की सक्रियता के बाद उम्मीद जगी है कि बुद्ध की शांति और करुणा का संदेश देने वाला वेणुवन जल्द ही और अधिक सुंदर, स्वच्छ और आकर्षक स्वरूप में पर्यटकों का स्वागत करेगा. ऐतिहासिक स्थल के संरक्षण के साथ सुविधाओं में सुधार होने से यहां आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिलने की उम्मीद है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रामविलास प्रसाद

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >