मानपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं. सिंगथु गांव स्थित हाई स्कूल के समीप ट्यूशन पढ़ने जा रहे दो मासूम बच्चों को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने कुचल दिया, जिससे दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया.
परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजा तथा दोषी चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर करीब तीन घंटे तक सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया. मृतकों की पहचान विशुनपुर गांव निवासी रामभजन चौहान के आठ वर्षीय पुत्र ऋषिकेश कुमार तथा सिंगथु गांव निवासी रंजीत चौहान के छह वर्षीय पुत्र पंकज कुमार के रूप में हुई है. बताया जाता है कि ऋषिकेश अपने ननिहाल सिंगथु टाड़ापर गांव में रहकर पढ़ाई कर रहा था.
शुक्रवार को वह अपने दोस्त पंकज के साथ एक ही साइकिल पर सवार होकर सिंगथु हाई स्कूल के पास स्थित अपने मामा गौतम कुमार के यहां ट्यूशन पढ़ने जा रहा था. इसी दौरान तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर ने साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी. प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि चालक नशे की हालत में था और बच्चों के सड़क पर गिरते ही ट्रैक्टर उन्हें रौंदता हुआ निकल गया.
मासूमों की मौत से मचा कोहराम और सुरक्षा सवाल
हादसे की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया. घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. बच्चों के क्षत-विक्षत शव देखकर ग्रामीण भी आक्रोशित हो उठे. लोगों का कहना था कि यदि नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो बच्चों को स्कूल और ट्यूशन भेजना भी असुरक्षित हो जाएगा.
ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे और छात्र-छात्राएं आवागमन करते हैं. ऐसे में तेज रफ्तार और लापरवाही से चलने वाले भारी वाहनों पर नियंत्रण नहीं होने से लगातार दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है. लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर नियमित गश्त, गति नियंत्रण और सख्त निगरानी की भी मांग की.
ग्रामीणों का प्रदर्शन और सड़क जाम
आक्रोशित ग्रामीणों ने शाम करीब चार बजे से सात बजे तक सड़क जाम रखकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की. उनकी मांग थी कि मृतक परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाए तथा फरार चालक को शीघ्र गिरफ्तार कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए. काफी मशक्कत के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझाकर स्थिति सामान्य कराई.
ट्रैक्टर जब्ती और चालक की तलाश जारी
सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 अमरनाथ ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है, जबकि चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया. उसकी पहचान कर गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. दोनों बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है.
पुलिस का कहना है कि परिजनों के लिखित आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को शोक और गुस्से से भर दिया है. ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने और दोषी चालक को जल्द गिरफ्तार कर कार्रवाई करने की मांग की है.
