BiharSharif Crime News : बिहारशरीफ के मानपुर थाना क्षेत्र स्थित तिऊरी गांव में शुक्रवार को जमीन विवाद को लेकर हिंसक झड़प हो गई. खेत की जुताई करने जा रहे एक किसान पर रास्ते में रोककर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला किया गया. गंभीर रूप से घायल पीड़ित को इलाज के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
ममेरे भाई के जमीन विवाद में मारपीट का आरोप
घायल व्यक्ति की पहचान तिऊरी गांव के रहने वाले स्वर्गीय जगदीश प्रसाद के पुत्र सत्येंद्र प्रसाद के रूप में हुई है. पीड़ित सत्येंद्र प्रसाद ने बताया कि उनके ममेरे भाई मिथिलेश प्रसाद की पत्नी ने टुनटुन महतो उर्फ अनिल प्रसाद को गैरमजरूआ जमीन बेची थी. इस जमीन की खरीद-बिक्री के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया था. सत्येंद्र का कहना है कि इस पूरे विवाद से उनका कोई सीधा संबंध नहीं है.
रुपये दिलाने का दबाव बना रहा था आरोपी
पीड़ित का आरोप है कि विवाद से कोई वास्ता न होने के बावजूद टुनटुन महतो लगातार उन पर दबाव बना रहा था. आरोपी चाहता था कि सत्येंद्र अपने भाई से उसे रुपये वापस दिलाए. पीड़ित ने बताया कि इससे पहले भी आरोपी ने दबंगई दिखाते हुए उनका ट्रैक्टर और चाबी अपने कब्जे में ले ली थी. हालांकि बाद में गांव में पंचायत होने पर ट्रैक्टर वापस कर दिया गया था.
रास्ता रोककर लाठी-डंडों से किया जानलेवा हमला
शुक्रवार को सत्येंद्र प्रसाद अपने ड्राइवर के साथ ट्रैक्टर लेकर खेत की जुताई करने के लिए घर से निकले थे. इसी दौरान रास्ते में टुनटुन महतो उर्फ अनिल प्रसाद और उसके बेटे ने उनका रास्ता रोक लिया. दोनों ने मिलकर पीड़ित पर लाठी-डंडों से जोरदार हमला कर दिया जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के तुरंत बाद आनन-फानन में परिजनों ने उन्हें बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया.
लिखित शिकायत मिलने पर होगी कानूनी कार्रवाई
इस पूरी घटना को लेकर मानपुर के थाना अध्यक्ष अनिरुद्ध कुमार ने अपना आधिकारिक बयान दिया है. उन्होंने बताया कि पुलिस को अभी तक इस मारपीट की कोई आधिकारिक या लिखित सूचना नहीं मिली है. थाना अध्यक्ष ने स्पष्ट किया है कि पीड़ित पक्ष की ओर से थाने में लिखित आवेदन मिलने के बाद मामले की गहन जांच की जाएगी. आवेदन के आधार पर ही दोषियों के खिलाफ आगे की विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
Also Read : शादी के 2 साल बाद प्रेमी के साथ फरार हुई विवाहिता, मंगलसूत्र छोड़ सारे जेवर साथ लेकर गई
