दो शादियों का विवाद बना मौत की वजह, महिला और बच्ची की संदिग्ध मौत

नालंदा जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आयी है.

बिहाशरीफ. नालंदा जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आयी है. रहुई थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में एक महिला और उसकी छह वर्षीय मासूम बेटी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी. मृतका की पहचान पतुआना गांव निवासी मालो देवी और उनकी बेटी प्रिया कुमारी के रूप में हुई है. इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाये हैं.

दूसरी शादी के बाद बिगड़े हालात : परिजनों के अनुसार, मालो देवी की शादी वर्ष 2017 में रामपुर गांव निवासी पिंटू कुमार से हुई थी. शुरुआती कुछ वर्षों तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन बाद में पिंटू कुमार ने मालो देवी की छोटी बहन रुसी कुमारी से दूसरी शादी कर ली. आरोप है कि पिंटू कुमार ने रुसी कुमारी को बहला-फुसलाकर घर से भगाया और उससे विवाह कर लिया. इस दूसरी शादी के बाद पति-पत्नी के रिश्तों में गहरी दरार आ गयी. मृतका के परिजनों का कहना है कि दूसरी शादी के बाद मालो देवी को लगातार प्रताड़ित किया जाने लगा. उसके साथ मारपीट की जाती थी और ससुराल में रहने नहीं दिया जाता था. कई बार पंचायत और समझौते की कोशिशें भी हुईं, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ. परिजनों का आरोप है कि पिंटू कुमार और उसके ससुराल पक्ष के लोग मालो देवी पर केस वापस लेने का दबाव बना रहे थे.

परिवार ने लगाया हत्या का आरोप, पुलिस जांच में जुटी : मृतका के मायके पक्ष का आरोप है कि ससुराल वालों ने मालो देवी और उसकी बेटी को जहर देकर हत्या कर दी है. उनका कहना है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या है. इसी आधार पर ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया गया है. वहीं, रहुई थाना पुलिस इस घटना को आत्महत्या मान रही है. पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी. फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच में जुटी हुई है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMLESH PRASAD

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >