rajgir agriculture office: अनुमंडल मुख्यालय राजगीर में किसानों और कृषि विभाग से जुड़े कार्यों को बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद फिलहाल उद्घाटन के इंतजार में अटकी हुई है. अनुमंडल कार्यालय परिसर में अनुमंडल कृषि कार्यालय के लिए नवनिर्मित भवन बनकर तैयार है, लेकिन निर्माण एजेंसी द्वारा अब तक इसे कृषि विभाग को हस्तगत नहीं किया गया है. इसके कारण अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस भवन तैयार होने के बावजूद इसका उपयोग शुरू नहीं हो सका है.
ग्राउंड फ्लोर पर बनाये गये हैं छह कमरे
नवनिर्मित भवन के ग्राउंड फ्लोर पर कुल छह कमरे बनाये गये हैं. इनमें तीन कमरे पदाधिकारियों के कार्यालय के लिए, जबकि तीन कमरे कार्यालयीय कार्यों के लिए निर्धारित किये गये हैं. वहीं, प्रथम तल पर आधुनिक सुविधाओं से लैस प्रशिक्षण हॉल का निर्माण किया गया है.
इस हॉल में कृषि विभाग की ओर से किसानों, कृषि कर्मियों और संबंधित हितधारकों के लिए प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जा सकेंगे. इससे किसानों को नयी कृषि तकनीक, उन्नत बीज, फसल प्रबंधन, सरकारी योजनाओं और आधुनिक खेती की जानकारी उपलब्ध कराने में सहूलियत होगी.
किसानों के लिए बनाया गया प्रतीक्षालय
भवन में किसानों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा गया है. प्रथम तल पर प्रतीक्षालय बनाया गया है, जहां विभिन्न कार्यों से अनुमंडल कृषि कार्यालय पहुंचने वाले किसान बैठकर अपनी बारी का इंतजार कर सकेंगे. ग्राउंड फ्लोर और प्रथम तल पर अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त प्रसाधन की व्यवस्था भी की गयी है.
दो कमरों में चल रहा है कार्यालय
गौरतलब है कि राजगीर में अनुमंडल कृषि कार्यालय के खुलने के बाद से ही इसके लिए अलग भवन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी. वर्तमान में अनुमंडल कृषि कार्यालय प्रखंड कृषि कार्यालय भवन के महज दो कमरों में संचालित हो रहा है. एक कमरे में अनुमंडल कृषि पदाधिकारी बैठते हैं, जबकि दूसरे कमरे में अकाउंटेंट समेत अन्य कर्मियों का कार्यालय संचालित होता है.
सीमित जगह के कारण कर्मियों के साथ-साथ किसानों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है. नवनिर्मित भवन के हस्तांतरण और उद्घाटन के बाद अनुमंडल कृषि कार्यालय को स्थायी और व्यवस्थित कार्यस्थल मिल सकेगा. इससे किसानों को कृषि योजनाओं और विभागीय सेवाओं का लाभ लेने में भी सुविधा होने की उम्मीद है.
