स्कूल के रास्ते में जलजमाव के विरोध में छात्रों ने जाम की सड़क

स्थानीय प्रखंड के मध्य विद्यालय भाषीन बिगहा जाने वाले रास्ते में जलजमाव की समस्या से परेशान छात्र-छात्राओं ने सोमवार सुबह 8 बजे जैतीपुर-हरनौत पथ को जाम कर दिया.

चंडी. स्थानीय प्रखंड के मध्य विद्यालय भाषीन बिगहा जाने वाले रास्ते में जलजमाव की समस्या से परेशान छात्र-छात्राओं ने सोमवार सुबह 8 बजे जैतीपुर-हरनौत पथ को जाम कर दिया. करीब एक घंटे तक चले इस जाम के दौरान छात्र लगातार रास्ते की मिट्टी भराई और जलनिकासी की मांग कर रहे थे. जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. इसी बीच जब कुछ बाइक सवार जबरन रास्ता निकालने की कोशिश करने लगे तो उनकी ग्रामीणों से हाथापाई भी हो गई. हालांकि मौके पर पहुंची डायल-112 की पुलिस ने समझा-बुझाकर मामला शांत कराया और छात्रों को जाम तोड़ने के लिए राजी किया. छात्राओं ने कहा कि स्कूल जाने वाले रास्ते में कमरभर पानी होने से रोजाना उन्हें जूते-चप्पल हाथ में लेकर गुजरना पड़ता है. बारिश के दिनों में यह समस्या और गंभीर हो जाती है, खासकर छोटे बच्चों को काफी कठिनाई का सामना करना पड़ता है. ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय ऐसी जगह पर बना है, जहां आने-जाने के लिए पक्का रास्ता ही नहीं है. तुलसीगढ़ पंचायत के मुखिया मणिकांत मनीष ने कहा कि स्कूल तक पहुंचने वाली सड़क निर्माण में निजी जमीन की बाधा है. कुछ ग्रामीणों ने जमीन दी थी, जहां मिट्टी भराई और ईंट सोलिंग कराई गई है, लेकिन आगे का काम निजी जमीन मालिकों ने रोक दिया है. इधर, इस संबंध में बीईओ से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव कर तुरंत काट दिया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Santosh kumar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >