आगामी जनगणना कार्य को लेकर सिलाव प्रखंड में प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गयी हैं. इसी क्रम में प्रखंड क्षेत्र में स्थित सरकारी भवनों, मंदिर, मस्जिद सहित विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों की पहचान कर उनकी कोडिंग का कार्य शुरू कर दिया गया है. कोडिंग के माध्यम से जनगणना के दौरान भवनों और संबंधित स्थलों की सही पहचान एवं रिकॉर्ड तैयार करने में मदद मिलेगी.
टोला सेवकों से ली जा रही स्थानीय जानकारी
सिलाव के प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रह्लाद कुमार ने बताया कि जनगणना कार्य को व्यवस्थित एवं त्रुटिरहित तरीके से पूरा कराने के लिए प्रखंड स्तर पर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं. इसके तहत प्रखंड क्षेत्र के सभी टोला सेवकों को बुलाकर संबंधित क्षेत्रों की सही और विस्तृत जानकारी ली जा रही है.
टोला सेवकों से स्थानीय स्तर पर मौजूद सरकारी भवनों, धार्मिक स्थलों तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थानों के संबंध में जानकारी लेकर उनके आधार पर कोडिंग का कार्य किया जा रहा है.
भौगोलिक स्थिति के आधार पर हो रही कोडिंग
बीडीओ ने बताया कि क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति और स्थानीय स्तर की जानकारी को ध्यान में रखते हुए कोडिंग की प्रक्रिया पूरी की जा रही है, ताकि आगे होने वाले जनगणना कार्य के दौरान किसी प्रकार की परेशानी या भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो. इसके लिए संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिये जा रहे हैं.
जनगणना से पहले तैयार होगा रिकॉर्ड
प्रशासन का उद्देश्य जनगणना से पहले क्षेत्र के सभी भवनों एवं प्रमुख स्थलों का सही तरीके से चिन्हांकन और रिकॉर्ड तैयार करना है. कोडिंग का कार्य पूरा होने के बाद जनगणना से संबंधित आगे की प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित तरीके से संचालित करने में सुविधा होगी.
