नालंदा: सात दिन तक चला स्वास्थ्य, योग और स्वयंसेवा का महाअभियान, स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया

राजगीर के राजकीय डिग्री महाविद्यालय में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत 7 दिवसीय एबिलिटी एन्हांसमेंट कोर्स का समापन हुआ. इसमें विद्यार्थियों को स्वास्थ्य, कल्याण और समाजसेवा के विभिन्न पहलुओं पर प्रशिक्षण दिया गया.

Nalanda News : राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के तहत राजगीर के राजकीय डिग्री महाविद्यालय में आयोजित सात दिवसीय एबिलिटी एन्हांसमेंट कोर्स (स्वास्थ्य एवं कल्याण एवं स्वयंसेवा अभिमुखीकरण कार्यक्रम) का गुरुवार को समापन हो गया. चतुर्थ सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए आयोजित इस नि:शुल्क प्रशिक्षण में स्वास्थ्य, फिटनेस, मानसिक संतुलन, पोषण, स्वच्छता और समाजसेवा जैसे विषयों पर विशेष प्रशिक्षण दिया गया.

30 घंटे के प्रशिक्षण में स्वास्थ्य के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा

2 से 8 जुलाई तक चले इस कार्यक्रम का शुभारंभ और समापन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आनंद प्रकाश गुप्ता ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. उन्होंने विद्यार्थियों को 30 घंटे के प्रशिक्षण की रूपरेखा और इसके उद्देश्यों की जानकारी दी. सप्ताहभर विशेषज्ञों ने स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन, पोषण और स्वयंसेवा के महत्व पर व्याख्यान दिए.

योग, खेलकूद और रेड रन का हुआ आयोजन

प्रशिक्षण के दौरान शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा देने के लिए स्ट्रेचिंग, दौड़, खेलकूद और रेड रन-2026 का आयोजन किया गया. वहीं योग, प्राणायाम और ध्यान सत्रों के माध्यम से तनाव प्रबंधन, मानसिक स्वास्थ्य और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के उपाय बताए गए. उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया.

लोकगीतों से दिया स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

कार्यक्रम में पोषण, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष सत्र आयोजित किए गए। लोक कलाकार भैया अजीत ने लोकगीतों के माध्यम से जनस्वास्थ्य, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देकर विद्यार्थियों को जागरूक किया। इसके अलावा छात्रों के लिए करियर और व्यक्तिगत काउंसलिंग सत्र भी आयोजित किए गए।

स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील

समापन समारोह में विद्यार्थियों ने समूह प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रशिक्षण के अनुभव साझा किए. विशेषज्ञों ने स्वास्थ्य, पोषण और फिटनेस पर अपने विचार रखे. प्राचार्य डॉ. आनंद प्रकाश गुप्ता ने युवाओं से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाजसेवा में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया. कार्यक्रम के सफल संचालन में संयोजक सह नोडल पदाधिकारी मिस पिंकी आर्य, एनईपी समन्वयक डॉ. सोमेन पायरा, खेल पदाधिकारी डॉ. गौतम कुमार सहित महाविद्यालय के सभी शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Ramvilas prasad

Published by: Rajeev Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >