Nalanda News : 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के गरिमामय और शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर गुरुवार को अनुमंडल कार्यालय सभागार में अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) अमित कुमार पटेल की अध्यक्षता में अधिकारियों एवं गणमान्य लोगों की बैठक हुई. बैठक में राष्ट्रीय पर्व की तैयारियों की समीक्षा करते हुए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं.
रामबाबू हाई स्कूल मैदान में होगा मुख्य समारोह
एसडीओ ने बताया कि अनुमंडल मुख्यालय स्थित रामबाबू हाई स्कूल मैदान में मुख्य समारोह आयोजित होगा. यहां ध्वजारोहण, परेड की सलामी और राष्ट्रध्वज को सलामी दी जाएगी. उन्होंने परेड में शामिल सभी दलों को नियमित पूर्वाभ्यास कराने तथा निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया. समारोह में राष्ट्रगान प्रस्तुत करने की जिम्मेदारी निजी विद्यालयों की छात्राओं को दी गई है.
मैत्री क्रिकेट मैच और पेंटिंग प्रतियोगिता भी होगी
बैठक में निर्णय लिया गया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रशासन और नागरिकों के बीच मैत्री क्रिकेट मैच आयोजित किया जाएगा. इसके अलावा स्वतंत्रता सेनानी, ऑपरेशन सिंदूर, विशेष गहन पुनरीक्षण, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं और गौरवशाली हिलसा विषय पर पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित होगी. प्रतिभागियों को अपनी पेंटिंग 14 अगस्त तक अनुमंडल कार्यालय में जमा करनी होगी. चयनित प्रतिभागियों को 15 अगस्त के मुख्य समारोह में सम्मानित किया जाएगा.
नगर परिषद को सौंपी गई अहम जिम्मेदारी
नगर परिषद को शहर में तिरंगा लाइटिंग, रंगोली, मुख्य समारोह स्थल पर मंच निर्माण, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई. एसडीओ ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय पर तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया.
राष्ट्रीय पर्व के आयोजन में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त
एसडीओ अमित कुमार पटेल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय एकता, गौरव और देशभक्ति का प्रतीक है. इसके आयोजन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी. सभी अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया गया.
