Sheikhpura Road Accident : शेखपुरा-बरबीघा मुख्य सड़क पर शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार एक ही परिवार के तीन लोगों को पीछे से टक्कर मार दी. हादसे में बिहारशरीफ नगर निगम के वार्ड पार्षद, उनकी शिक्षिका पत्नी और दो वर्षीय पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद पीएमसीएच रेफर किया गया.
फरीदपुर के पास हुआ भीषण सड़क हादसा
मिली जानकारी अनुसार, शेखपुरा जिले के शेखपुरा-बरबीघा मुख्य सड़क मार्ग पर हथियावा थाना क्षेत्र के फरीदपुर गांव के समीप शनिवार देर रात यह हादसा हुआ. तेज गति से आ रहे एक बेकाबू ट्रक ने पीछे से बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक पर सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
वार्ड पार्षद, शिक्षिका पत्नी और मासूम घायल
घटना में घायल लोगों की पहचान नालंदा जिले के बिहारशरीफ नगर के सल्लूगंज मोहल्ला निवासी वार्ड पार्षद चंदन यादव, उनकी पत्नी एवं प्राथमिक शिक्षिका सुरुचि यादव और उनके दो वर्षीय पुत्र सूर्या कुमार के रूप में हुई है. स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को तत्काल सदर अस्पताल शेखपुरा पहुंचाया गया.
पत्नी को शेखपुरा छोड़ने आ रहे थे चंदन यादव
घायल चंदन यादव के साढ़ू प्रतोष कुमार ने बताया कि सुरुचि यादव शेखपुरा शहर के हसनगंज मोहल्ला स्थित प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका हैं. चंदन यादव अपनी पत्नी और बेटे को बिहारशरीफ से शेखपुरा छोड़ने आ रहे थे. इसी दौरान फरीदपुर गांव के पास पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी और आगे निकल गया.
गंभीर हालत में PMCH किया गया रेफर
सदर अस्पताल शेखपुरा में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने तीनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) रेफर कर दिया. चिकित्सकों के अनुसार, चंदन यादव और उनकी पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है. हथियावा थाना के पुलिस सब इंस्पेक्टर गौतम कुमार ने बताया कि घटना के संबंध में लिखित शिकायत मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.
Also Read : शेखपुरा में उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान OMR शीट की कार्बन कॉपी लेकर चला गया परीक्षार्थी, FIR दर्ज
