Rajgir Tiranga Trek : पर्यटन नगरी राजगीर में पहली बार ‘राजगीर तिरंगा ट्रेक’ का आयोजन होने जा रहा है, जिसे लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है. हर घर तिरंगा अभियान के तहत नालंदा वन प्रमंडल की ओर से 9 अगस्त 2026 को इस खास ट्रेक का आयोजन किया जाएगा. इस कार्यक्रम का मकसद युवाओं में देशभक्ति की भावना को मजबूत करना, फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना और पर्यावरण संरक्षण का संदेश फैलाना है. खास बात यह है कि ट्रेक के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 7 अगस्त से शुरू हो चुकी है और इसमें सीमित सीटों के कारण पहले आओ पहले पाओ के आधार पर चयन किया जा रहा है.
सीमित सीट, जल्दी करें आवेदन
डीएफओ राजकुमार एम ने बताया कि इस ट्रेक में सिर्फ 30 प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा. इसमें 16 से 30 वर्ष के युवाओं को भाग लेने का मौका मिलेगा. इच्छुक प्रतिभागियों को विभाग द्वारा जारी क्यूआर कोड स्कैन कर ऑनलाइन आवेदन करना होगा. चयनित युवाओं को अलग से कन्फर्मेशन भेजा जाएगा. ऐसे में समय पर आवेदन करने वालों को प्राथमिकता मिलेगी.
वन विभाग और जिला प्रशासन की संयुक्त पहल
यह आयोजन राजगीर वन रेंज, नालंदा वन प्रमंडल और जिला प्रशासन नालंदा के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है. इस अभियान का मुख्य संदेश ‘गर्व, एकता और सम्मान’ रखा गया है. अधिकारियों का मानना है कि इस तरह के आयोजन से युवाओं में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान के साथ-साथ प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी विकसित होगी.
प्रकृति के बीच होगा खास अनुभव
ट्रेक के दौरान प्रतिभागियों को राजगीर की खूबसूरत पहाड़ियों, घने जंगलों और समृद्ध जैव विविधता से रूबरू कराया जाएगा. यह सिर्फ एक एडवेंचर गतिविधि नहीं होगी, बल्कि युवाओं को प्रकृति को करीब से समझने और उसे संरक्षित करने का संदेश भी दिया जाएगा. कार्यक्रम ‘प्रकृति के साथ चलें, प्रकृति की रक्षा करें’ थीम पर आधारित होगा.
जरूरी सामान साथ लाने की सलाह
वन विभाग ने ट्रेक में भाग लेने वाले युवाओं को जरूरी तैयारी के साथ आने की सलाह दी है. प्रतिभागियों को ट्रेकिंग शूज, पानी की बोतल, हल्का नाश्ता, टोपी, सनस्क्रीन और फर्स्ट एड सामग्री साथ रखने को कहा गया है. साथ ही आरामदायक कपड़े पहनने और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने की भी अपील की गई है.
हेल्पलाइन नंबर जारी
कार्यक्रम से जुड़ी किसी भी जानकारी या सहायता के लिए वन विभाग की ओर से 9199413445 नंबर जारी किया गया है. इच्छुक प्रतिभागी इस नंबर पर संपर्क कर सकते हैं.
युवाओं में जागरूकता बढ़ाने की पहल
वन विभाग और जिला प्रशासन को उम्मीद है कि यह तिरंगा ट्रेक युवाओं में राष्ट्रभक्ति के साथ-साथ साहसिक पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण को लेकर नई सोच विकसित करेगा. यह आयोजन राजगीर को ईको-टूरिज्म के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने में भी अहम भूमिका निभाएगा.
