Rajgir rail police subdivision: अंतरराष्ट्रीय पर्यटन नगरी राजगीर में रेल यात्रियों की बढ़ती संख्या और रेलवे क्षेत्र में विधि-व्यवस्था की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए रेल पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने की तैयारी तेज हो गयी है. राजगीर में जल्द ही रेल पुलिस अनुमंडल के साथ रेल पुलिस सर्किल का गठन किया जायेगा. यहां रेल डीएसपी और रेल पुलिस इंस्पेक्टर का कार्यालय स्थापित होगा. पुलिस मुख्यालय स्तर से इसके गठन और पद सृजन को लेकर कवायद अंतिम चरण में बतायी जा रही है.
कई रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा की होगी जिम्मेदारी
सूत्रों के अनुसार, राजगीर रेल पुलिस अनुमंडल के अंतर्गत नालंदा जिले के राजगीर, नालंदा, बिहारशरीफ, हिलसा, इस्लामपुर, तिलैया, नटेसर समेत अन्य रेलवे स्टेशनों की विधि-व्यवस्था की जिम्मेदारी रेल पुलिस अधिकारियों के पास होगी.
रेल डीएसपी के नेतृत्व में रेल पुलिस इंस्पेक्टर और अन्य पुलिसकर्मी यात्रियों की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण तथा रेलवे परिसरों में कानून-व्यवस्था बनाये रखने का काम करेंगे.
बढ़ती यात्री संख्या को देखते हुए विस्तार की जरूरत
पुलिस सूत्रों के अनुसार, राजगीर सहित जिले के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर लगातार बढ़ती यात्रियों की आवाजाही को देखते हुए रेल पुलिस के विस्तार की आवश्यकता महसूस की जा रही थी. इसी के मद्देनजर नया रेल पुलिस अनुमंडल और रेल सर्किल बनाने का प्रस्ताव सरकार को भेजा गया है. पटना और गया की तर्ज पर राजगीर में भी रेल पुलिस का अलग प्रशासनिक ढांचा विकसित होने से रेल अपराध पर नियंत्रण और यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था और प्रभावी होने की उम्मीद है.
हिलसा में भी खुलेगा नया राजकीय रेल थाना
इसी तरह हिलसा रेलवे स्टेशन पर नया राजकीय रेल पुलिस थाना खोलने की दिशा में भी कार्रवाई चल रही है. थाना खुलने के बाद हिलसा और आसपास के रेल क्षेत्रों में यात्रियों की सुरक्षा तथा आपराधिक घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद है.
लंबे समय से की जा रही थी रेल पुलिस अनुमंडल की मांग
बताया जाता है कि राजगीर के राजकीय रेल थाना भवन के उद्घाटन के समय ही यहां रेल पुलिस अनुमंडल स्थापित करने की मांग प्रमुखता से उठी थी. लंबे समय से चली आ रही इस मांग को अब सरकारी स्तर पर अमलीजामा पहनाने की तैयारी है. रेल पुलिस अनुमंडल और सर्किल बनने से राजगीर समेत नालंदा के रेल क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को नया आयाम मिलने की उम्मीद है.
