शेखपुरा में जवानों को वायरलेस संचालन की दी गई ट्रेनिंग, मोबाइल नेटवर्क पर निर्भरता खत्म करने की तैयारी

शेखपुरा पुलिस अब वायरलेस सेट के जरिए सूचनाओं का आदान-प्रदान करेगी। सभी पुलिस कर्मियों को वायरलेस संचालन का विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

शेखपुरा में पुलिस व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए संचार तंत्र को दुरुस्त करने की कवायद शुरू कर दी गई है. अपराध नियंत्रण और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस अब निजी या सरकारी मोबाइल नेटवर्क पर अपनी आंतरिक सूचनाओं के आदान-प्रदान की निर्भरता कम करने जा रही है. इसके लिए जिले के सभी थाना स्तर पर पुलिसकर्मियों को वायरलेस सेट संचालन का विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है.

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि मोबाइल नेटवर्क कई बार तकनीकी कारणों से बाधित हो सकता है, लेकिन वायरलेस संचार व्यवस्था के जरिए पुलिसकर्मी आपस में लगातार जुड़े रहेंगे. इससे किसी भी घटना की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों तक पहुंच सकेगी और बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई में तेजी आएगी. साथ ही पीड़ितों को भी समय पर सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी.

सभी थानों में चल रहा वायरलेस प्रशिक्षण अभियान

पुलिस मुख्यालय और एसपी हिमांशु के दिशा निर्देश पर जिले के सभी थाना में पुलिसकर्मियों को वायरलेस सेट के इस्तेमाल की जानकारी दी जा रही है. प्रशिक्षण के दौरान जवानों और पुलिस पदाधिकारियों को वायरलेस संचालन से जुड़े तकनीकी पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी जा रही है.

थाना स्तर पर आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों को सैद्धांतिक जानकारी के साथ-साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है. इसमें वायरलेस सेट से संदेश भेजने, चैनल बदलने, फ्रीक्वेंसी सेट करने और आवाज की गुणवत्ता यानी वॉल्यूम नियंत्रण जैसी जरूरी तकनीकों के बारे में बताया जा रहा है.

गश्ती वाहनों में भी लगाए जाएंगे वायरलेस सेट

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जिले के सभी गश्ती वाहनों में भी वायरलेस सेट लगाए जाएंगे. इसके बाद गश्ती दल सीधे थाना और वरीय पुलिस अधिकारियों के संपर्क में रहेंगे. किसी भी आपराधिक घटना, दुर्घटना या आपात स्थिति की सूचना रियल टाइम में साझा की जा सकेगी.

वायरलेस व्यवस्था के माध्यम से एक थाना के पुलिस पदाधिकारी और जवान आपस में जुड़े रहेंगे. इसके अलावा जिले के दूसरे थानों, आसपास के जिलों के थाना और पुलिस मुख्यालय के साथ भी सूचनाओं का आदान-प्रदान आसानी से किया जा सकेगा.

जवानों ने प्रशिक्षण को बताया उपयोगी

प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे निचले स्तर के पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने इस पहल को काफी उपयोगी बताया है. उनका कहना है कि वायरलेस व्यवस्था से मौके पर काम करने वाले पुलिसकर्मियों को काफी सुविधा मिलेगी और किसी भी घटना पर तुरंत प्रतिक्रिया देना आसान होगा.

हालांकि पुलिस विभाग पहले से ही आंतरिक सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए वायरलेस सेट का इस्तेमाल करता रहा है, लेकिन अब इसे और प्रभावी बनाने की तैयारी की जा रही है. नई व्यवस्था के तहत पुलिस संचार तंत्र को आधुनिक और तेज बनाया जा रहा है, जिससे अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Niranjan Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >