नालंदा में करोड़ों की डकैती : बीज व्यवसायी के परिवार को बंधक बनाकर 45 लाख नकद समेत गहने ले उड़े चोर

Nalanda Businessman Robbery : नालंदा के दीपनगर में हथियारबंद बदमाशों ने एक बीज व्यवसायी के घर में घुसकर परिवार को बंधक बना लिया. करीब एक घंटे तक तांडव मचाते हुए उन्होंने 45 लाख रुपये नकद, सोना, चांदी और हीरे के आभूषण लूट लिए. इस घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

Nalanda Businessman Robbery : नालंदा के दीपनगर थाना क्षेत्र के देवीसराय में रविवार की देर रात हुई भीषण डकैती ने पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. घनी आबादी वाले इलाके में करीब एक घंटे तक 12 से 15 हथियारबंद बदमाश बेखौफ होकर तांडव मचाते रहे, लेकिन पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी.

इस दौरान बदमाशों ने बाजार समिति के प्रतिष्ठित बीज व्यवसायी राजीव रंजन कुमार के घर में घुसकर परिवार को बंधक बनाया और 45 लाख रुपये नकद, लगभग 40 भर सोना, तीन किलो चांदी तथा लाखों रुपये मूल्य के हीरे के आभूषण लूटकर फरार हो गए.

छत के रास्ते प्रवेश और बुजुर्ग दंपती को बनाया बंधक

जानकारी के अनुसार, देर रात करीब एक बजे नकाबपोश बदमाश छत के रास्ते घर में दाखिल हुए. सबसे पहले उन्होंने नीचे सो रहे बुजुर्ग दंपती बालेश्वर प्रसाद और उनकी पत्नी फुलंती देवी को कब्जे में ले लिया. विरोध करने पर फुलंती देवी का गला दबाया गया, उनके कानों के आभूषण छीन लिए गए तथा दोनों के हाथ बांधकर मुंह पर टेप चिपका दिया गया. इसके बाद बदमाश पहली मंजिल पर पहुंचे, जहां व्यवसायी अपने परिवार के साथ सो रहे थे.

परिवार को बंधक बनाकर मारपीट और लूटपाट

दरवाजा खुलते ही हथियारबंद अपराधियों ने पूरे परिवार को बंधक बना लिया. व्यवसायी राजीव रंजन के साथ मारपीट की गई और तिजोरी की चाबी मांगने लगे. परिजनों के अनुसार, जब उन्होंने आनाकानी की तो बदमाशों ने उनके छोटे बच्चे का गला दबाकर जान से मारने की धमकी दी.

बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए परिवार ने तिजोरी खोल दी. इसके बाद बदमाशों ने नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, हीरे के दो सेट, अंगूठियां, पेंडेंट, मंगलसूत्र समेत अन्य कीमती सामान बोरों में भर लिया.

स्थानीय अपराधियों की संलिप्तता की आशंका और फरार

पीड़ित परिवार का कहना है कि सभी बदमाश स्थानीय भाषा में बातचीत कर रहे थे और उन्हें घर की पूरी बनावट तथा तिजोरी के स्थान की जानकारी थी. इससे आशंका जताई जा रही है कि अपराधियों को किसी स्थानीय व्यक्ति या मुखबिर का सहयोग मिला है. वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने परिवार को एक कमरे में बंद कर मुख्य गेट का ताला काटा और आराम से फरार हो गए.

पुलिस जांच और इलाके में फैला दहशत का माहौल

घटना की सूचना मिलने पर सदर डीएसपी-1 अमरनाथ और दीपनगर थानाध्यक्ष सुमन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने पीड़ित परिवार का आवेदन लेकर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.

घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. पुलिस का कहना है कि स्थानीय गिरोह, अंतरजिला या अंतरराज्यीय अपराधियों सहित सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है. इस बड़ी डकैती के बाद देवीसराय समेत पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि लोग रात की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जता रहे हैं.

Also Read : गया जी : डोभी नगर पंचायत में ईओ डॉ. विमल कुमार को श्रद्धांजलि, आरोपित चालक पर स्पीडी ट्रायल की उठी मांग


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >