नालंदा : दहेज के लिए नवविवाहिता की हत्या कर शव गंगा में बहाने का आरोप, पति गिरफ्तार

नालंदा जिले के करायपरसुराय थाना क्षेत्र के पकड़ी गांव में दहेज के लिए एक नवविवाहिता की हत्या कर शव को गंगा नदी में बहा देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति संतोष कुमार को गिरफ्तार कर लिया है, जिसकी निशानदेही पर गोताखोरों की मदद से गंगा नदी में शव की तलाश की जा रही है.

नालंदा के करायपरसुराय थाना क्षेत्र के पकड़ी गांव में दहेज की लालच में मानवता को शर्मसार करने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां दहेज के लिए एक नवविवाहिता की बेरहमी से हत्या करने के बाद उसके शव को गंगा नदी में बहाने का गंभीर आरोप लगाया गया है.

पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान तेल्हाड़ा थाना क्षेत्र के धर्मबिगहा गांव निवासी सुदामा बिंद की 20 वर्षीय पुत्री काजल कुमारी के रूप में हुई है.

काजल की शादी इसी वर्ष 27 मार्च 2026 को करायपरसुराय थाना क्षेत्र के पकड़ी गांव निवासी इंद्रदेव बिंद के पुत्र संतोष कुमार के साथ हुई थी.

अतिरिक्त दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप

मृतका के मायके वालों का आरोप है कि शादी के दौरान अपनी सामर्थ्य के अनुसार उन्होंने तीन लाख रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल दहेज में दी थी. इसके बावजूद ससुराल पक्ष के लोग संतुष्ट नहीं हुए और वे लगातार अतिरिक्त 50 हजार रुपये की नकदी की मांग कर रहे थे. मांग पूरी न होने की स्थिति में ससुराल वाले विवाहिता काजल कुमारी को लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे.

पति गिरफ्तार, गंगा नदी में की जा रही शव की तलाश

इस मामले में मृतका की मौसी उर्मिला देवी के लिखित बयान पर करायपरसुराय थाने में मृतका के पति संतोष कुमार और सास रूबी देवी के विरुद्ध दहेज हत्या एवं अन्य सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है.

दिए गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि मंगलवार की देर शाम ग्रामीणों के माध्यम से उन्हें काजल की हत्या किए जाने की सूचना मिली. जब परिजन भागते हुए पकड़ी गांव पहुंचे, तो घर पर ताला बंद मिला, ससुराल पक्ष के सभी लोग फरार थे और काजल का शव भी गायब था.

घटना की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष सुशील कुमार पासवान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित छापेमारी कर बुधवार को आरोपी पति संतोष कुमार को धर दबोचा. पुलिस की पूछताछ के दौरान आरोपी पति ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि हत्या के बाद उसने शव को फतुहा ले जाकर एक नाव के माध्यम से गंगा नदी में प्रवाहित कर दिया था.

थानाध्यक्ष सुशील कुमार पासवान ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर संबंधित नाविक से भी पूछताछ की गई है. फिलहाल गोताखोरों की मदद से फतुहा के समीप गंगा नदी में शव की तलाश बड़े पैमाने पर जारी है.

पुलिस इस जघन्य कांड में शामिल अन्य फरार आरोपियों को दबोचने के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है.

Also Read : राजगीर : भारतीय मनोविज्ञान दिवस पर मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता अभियान, कॉलेज में काउंसलिंग सेल की शुरुआत


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Santosh Kumar

संतोष कुमार पार्थ वर्ष 2013 से पत्रकारिता एवं डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. पिछले तीन वर्षों से प्रभात खबर में हिलसा अनुमंडल मुख्यालय से संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं. स्थानीय जनसमस्याओं और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >