नवोदय विद्यालय में कक्षा 6 प्रवेश के लिए आवेदन का अंतिम मौका, 31 जुलाई तक करें ऑनलाइन आवेदन

Biharsharif News : पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, राजगीर में कक्षा 6 में सत्र 2027-28 के लिए प्रवेश हेतु चयन परीक्षा का आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 है. यह ग्रामीण मेधावी छात्रों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का सुनहरा अवसर है.

Biharsharif News : पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, राजगीर में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा 6 में नामांकन हेतु आयोजित होने वाली जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा (जेएनवीएसटी)-2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है. आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के लिए अब केवल 10 दिन शेष हैं. विद्यालय प्रशासन ने पात्र छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों से समय रहते आवेदन करने की अपील की है. चयन परीक्षा का आयोजन 28 नवंबर 2026 को होगा.

वर्तमान में कक्षा 5 में पढ़ रहे विद्यार्थी कर सकते हैं आवेदन

विद्यालय के प्राचार्य विनीत कुमार शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में कक्षा 5 में अध्ययनरत विद्यार्थी आवेदन के पात्र हैं. अभ्यर्थी की जन्मतिथि 1 मई 2015 से 31 जुलाई 2017 के बीच होनी चाहिए. साथ ही अभ्यर्थी ने कक्षा 3, 4 और 5 की पढ़ाई उसी जिले के किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय से की हो, जहां के जवाहर नवोदय विद्यालय में प्रवेश के लिए आवेदन किया जा रहा है. आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे.

नवोदय विद्यालय में मिलती हैं अत्याधुनिक सुविधाएं

प्राचार्य ने बताया कि जवाहर नवोदय विद्यालय ग्रामीण क्षेत्रों के मेधावी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक और समग्र शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित किए जाते हैं. यहां विद्यार्थियों को निःशुल्क शिक्षा के साथ आवास, भोजन, पुस्तकालय, खेलकूद, कंप्यूटर शिक्षा, विज्ञान प्रयोगशालाएं, स्मार्ट क्लास, स्वास्थ्य सुविधाएं तथा व्यक्तित्व विकास के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाता है.

उत्कृष्ट परिणाम और अनुशासित वातावरण है पहचान

उन्होंने कहा कि अनुशासित परिसर, अनुभवी शिक्षकों का मार्गदर्शन और उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम नवोदय विद्यालयों की विशेष पहचान है. यही वजह है कि हर वर्ष बड़ी संख्या में विद्यार्थी इस प्रतिष्ठित चयन परीक्षा में शामिल होते हैं.

अंतिम तिथि का इंतजार नहीं करने की अपील

विद्यालय प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और आवेदन भरते समय सभी आवश्यक दस्तावेज एवं जानकारी सावधानीपूर्वक दर्ज करें. किसी भी प्रकार की त्रुटि से आवेदन निरस्त हो सकता है.

आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं सभी दिशा-निर्देश

प्राचार्य ने बताया कि पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और परीक्षा से संबंधित सभी दिशा-निर्देश नवोदय विद्यालय समिति की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं. उन्होंने कहा कि समय पर आवेदन करने से कोई भी पात्र विद्यार्थी इस महत्वपूर्ण अवसर से वंचित नहीं रहेगा. नवोदय विद्यालय ग्रामीण प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराकर उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं.

Also Read : गोपालगंज के 11 लाख रुपये साइबर ठगी मामले में हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, बिना ठोस साक्ष्य आरोपी नहीं बनाया जा सकता



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ramvilas prasad

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >