Nalanda Tree Plantation Campaign : नालंदा जिले में वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत चल रहे पौधारोपण अभियान की प्रगति रिपोर्ट जारी की गई है. वीबी रामजी योजना के तहत जिले में पहली बार 10 अगस्त से शुरू हुए अभियान में निर्धारित 5,44,800 पौधों के लक्ष्य के मुकाबले अब तक करीब 3.70 लाख पौधे लगाए जा चुके हैं. इस तरह कुल लक्ष्य का 67.91 प्रतिशत पूरा हो चुका है.
रोजाना औसतन 9,737 पौधे लगाए जा रहे
10 अगस्त से अब तक जिले में औसतन 9,737 पौधे प्रतिदिन लगाए गए हैं. पंचायतस्तरीय कर्मियों और अधिकारियों की सक्रियता बढ़ाने के लिए जिलास्तर से डे-टू-डे मॉनिटरिंग की जा रही है. प्रशासन का कहना है कि इसका असर पौधारोपण की रफ्तार पर दिख रहा है. औसत से कम बारिश के बावजूद अभियान की गति बनी हुई है.
थरथरी ने लक्ष्य से अधिक पौधे लगाए
प्रखंडवार प्रदर्शन में थरथरी सबसे आगे है. यहां 16,800 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित था, जबकि अब तक 19,800 पौधे लगाए जा चुके हैं. यह लक्ष्य का 117.86 प्रतिशत है. कतरीसराय ने भी 12,000 पौधों के लक्ष्य को पूरा करते हुए 100 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की है.
गिरियक और एकंगरसराय भी आगे
गिरियक में 16,800 के लक्ष्य के मुकाबले 15,600 पौधे लगाए गए हैं, जो 92.86 प्रतिशत है. एकंगरसराय में 38,400 के लक्ष्य के विरुद्ध 35,400 पौधे लगाकर 92.19 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की गई है. कराईपरशुराय में 16,800 के लक्ष्य के मुकाबले 13,800 पौधे लगाए गए हैं, जो 82.14 प्रतिशत है.
अस्थावां और सरमेरा की प्रगति सबसे धीमी
पौधारोपण अभियान में अस्थावां प्रखंड की उपलब्धि सबसे कम है. यहां 43,200 पौधे लगाने के लक्ष्य के मुकाबले अब तक 17,200 पौधे लगाए गए हैं. प्रखंड ने 39.81 प्रतिशत लक्ष्य पूरा किया है. सरमेरा में 19,200 के लक्ष्य के मुकाबले 7,800 पौधे लगाए गए हैं, जो 40.63 प्रतिशत है.
चंडी और बिहारशरीफ भी पीछे
कम उपलब्धि वाले प्रखंडों में चंडी ने 54.49 प्रतिशत और बिहारशरीफ ने 55.09 प्रतिशत लक्ष्य पूरा किया है. रहुई में 56.11 प्रतिशत और इस्लामपुर में 56.14 प्रतिशत पौधारोपण हुआ है. राजगीर में 60 प्रतिशत, हिलसा में 63.89 प्रतिशत और हरनौत में 69.79 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की गई है.
इन प्रखंडों में 70 प्रतिशत से अधिक काम
परवलपुर में 70 प्रतिशत, नूरसराय में 76.47 प्रतिशत, बेन में 77.78 प्रतिशत, बिंद में 78.57 प्रतिशत और सिलाव में 78.79 प्रतिशत पौधारोपण पूरा हुआ है. जिले में अब करीब 32.09 प्रतिशत लक्ष्य बाकी है.
एक सप्ताह में लक्ष्य पूरा करने की तैयारी
प्रशासन ने सभी प्रखंडों को शेष लक्ष्य जल्द पूरा करने और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. अभियान की सफलता केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं होगी, बल्कि पौधों के जीवित रहने और उनके संरक्षण पर भी निर्भर करेगी.
एक सप्ताह में शत-प्रतिशत लक्ष्य की उम्मीद
डीपीओ, डीआरडीए नालंदा प्रवीण कुमार ने कहा कि उम्मीद है कि एक सप्ताह के भीतर शत-प्रतिशत पौधारोपण का लक्ष्य हासिल कर लिया जाएगा. इसके लिए पंचायतस्तरीय कर्मियों से लेकर जिलास्तरीय अधिकारियों तक डे-टू-डे मॉनिटरिंग की जा रही है. अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ किसानों को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है.
