Nalanda Road Accident : नालंदा जिले के हिलसा थाना क्षेत्र में रविवार की शाम एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। चमकी बुखार से पीड़ित बच्ची को इलाज के लिए पटना ले जा रही बोलेरो अनियंत्रित होकर बिजली पोल से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो सड़क पर पलट गई, जिससे उसमें सवार सात लोग घायल हो गए .
गराई बिगहा गांव के पास हुआ हादसा, मची अफरा-तफरी .
यह दुर्घटना हिलसा के पश्चिमी बाईपास स्थित गराई बिगहा गांव के समीप हुई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को बोलेरो से बाहर निकालकर अनुमंडलीय अस्पताल हिलसा पहुंचाया गया .
चमकी बुखार से पीड़ित थी दो वर्षीय बच्ची .
बताया जा रहा है कि जहानाबाद जिले के सेखराबाद थाना क्षेत्र के उत्तरा गांव निवासी शेखो बिंद की दो वर्षीय पुत्री काजल कुमारी चमकी बुखार से पीड़ित थी। परिजन बच्ची को इलाज के लिए बोलेरो से पटना ले जा रहे थे। इसी दौरान चालक ने वाहन से संतुलन खो दिया और बोलेरो बिजली पोल से टकराकर पलट गई .
हादसे में सात लोग घायल, सभी की हालत गंभीर .
घायलों की पहचान अवंती देवी, विभीषण बिंद, सविता देवी, ललिता देवी, पुरंदर बिंद, शेखो बिंद और काजल कुमारी के रूप में हुई है। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सभी को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया है .
पुलिस ने शुरू की जांच .
हिलसा थाना अध्यक्ष अभिजीत कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिल चुकी है। मामले की जांच की जा रही है और आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी .
