नालंदा: नगरनौसा लूटकांड का 4 घंटे में खुलासा, दो बदमाश गिरफ्तार, मोबाइल और नकदी बरामद

Nalanda News: नगरनौसा थाना क्षेत्र में पंजाब नेशनल बैंक के पास हुई लूटकांड का पुलिस ने महज चार घंटे में खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया. लूटे गए मोबाइल, नकदी और अपराध में प्रयुक्त मोबाइल भी बरामद किए गए.

Nalanda News: नालंदा जिले के नगरनौसा थाना क्षेत्र के सुखविगहा गांव निवासी विकास कुमार (पिता- सुभाष पासवान) 29 जून को अपने दोस्त के साथ पटना से वापस घर लौट रहे थे. इसी दौरान पंजाब नेशनल बैंक के समीप तीन अज्ञात अपराधियों ने उनका रास्ता रोक लिया और उनके साथ बेरहमी से मारपीट की. इसके बाद अपराधी उनसे दो कीमती मोबाइल फोन और नकद रुपये लूटकर मौके से फरार हो गए. वारदात के बाद पीड़ित ने थाना में मामला दर्ज कराया.

एसपी के निर्देश पर गठित एसआईटी को मिली बड़ी सफलता

लूटकांड की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) के कड़े निर्देश पर नगरनौसा थानाध्यक्ष सह पुलिस अवर निरीक्षक (पु.अ.नि.) शशिरंजन कुमार मिश्रा के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया. इस विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्य (सर्वेलांस) एवं मानवीय सूचनाओं के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों रवि कुमार (21 वर्ष), पिता- रघुनाथ प्रसाद उर्फ सुखाड़ी यादव, निवासी- नगरनौसा तथा सूरज उर्फ बाबा (29 वर्ष), पिता- राकेश पाण्डेय, निवासी- पेटियापुर, थाना-नगरनौसा को उनके ठिकानों से धर-दबोचा.

गिरफ्तार बदमाशों ने कबूला अपना जुर्म, सामान बरामद

कड़ी पूछताछ के दौरान दोनों गिरफ्तार आरोपितों ने अपने तीसरे साथी बॉबी उर्फ बंबी यादव (पिता- रंजीत यादव, निवासी- दिबरापुर मुसहरी, थाना-नगरनौसा) के साथ मिलकर सामूहिक रूप से लूट की इस घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है. गिरफ्तार आरोपितों की सटीक निशानदेही पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित विकास से लूटे गए दोनों मोबाइल फोन, अपराधियों द्वारा इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल तथा लूटी गई नकदी में से 1700 रुपये सुरक्षित बरामद कर लिए हैं. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी रवि कुमार के विरुद्ध नगरनौसा थाना में वर्ष 2024 के दो अलग-अलग आपराधिक मामले पहले से ही दर्ज हैं.

महज चार घंटे में हुई त्वरित कार्रवाई की हो रही सराहना

थानाध्यक्ष शशिरंजन कुमार मिश्रा ने बताया कि फरार आरोपी बंबी यादव की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार सघन छापेमारी की जा रही है और उसे भी जल्द ही जेल भेजा जाएगा. इस लूटकांड के महज चार घंटे के भीतर त्वरित उद्भेदन में नगरनौसा थाना की विशेष टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसमें थानाध्यक्ष शशिरंजन कुमार मिश्रा, पु.अ.नि. राजेश यादव, सअनि. रमेश कुमार, सअनि. शंकर राम, सिपाही अनिकेत कुमार सिंह, सिपाही नीरज पासवान तथा चालक सिपाही राजकुमार साव शामिल थे. नगरनौसा पुलिस की इस त्वरित और पेशेवर कार्रवाई की आम जनता और स्थानीय व्यापारिक वर्ग द्वारा भूरी-भूरी सराहना की जा रही है.

Also Read: नवादा के वारिसलीगंज में मानसून बेअसर, 20% बिचड़ा लक्ष्य अधूरा, झमाझम बारिश का इंतजार कर रहे किसान

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vikas Jha

विकाश झा प्रभात खबर में सीनियर कंटेंट राइटर हैं. डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता में छह वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन में स्नातक तथा माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU), भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है.

पत्रकारिता की शुरुआत वर्ष 2020 में भोपाल से हुई, जिसके बाद उन्होंने ETV Bharat, Bharat Express और News24 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में विभिन्न जिम्मेदार भूमिकाओं का निर्वहन किया. News24 से आगे बढ़ते हुए उन्होंने Adglobal360 India Pvt. Ltd. के माध्यम से बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया तथा बिहार सरकार के विभिन्न विभागों की सोशल मीडिया टीमों में भी अपनी सेवाएं दीं.

स्पोर्ट्स, हाइपरलोकल और पॉलिटिकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. क्रिकेट के प्रति उनका गहरा लगाव है और वे क्रिकेट को सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि अपनी लेखनी का महत्वपूर्ण विषय मानते हैं. उन्हें यात्रा करना, नए लोगों और स्थानों को जानना तथा समाज और राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है.

मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले के रहने वाले विकाश डिजिटल मीडिया की तेज रफ्तार दुनिया में तथ्यों पर आधारित, प्रभावशाली और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करने के लिए जाने जाते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >