Nalanda News : नालंदा के नूरसराय थाना क्षेत्र के चरुईपर गांव के पास मालगाड़ी की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति की इलाज के दौरान रविवार को मौत हो गई. मृतक की पहचान नूरसराय थाना क्षेत्र के ही गोडिहा गांव निवासी स्वर्गीय अकलू पासवान के 45 वर्षीय पुत्र सुरेश पासवान के रूप में हुई है. इस घटना के बाद से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है.
सुनने की कमजोरी बनी वजह
परिजनों ने घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे सुरेश पासवान चरुईपर गांव के पास रेलवे ट्रैक के किनारे-किनारे पैदल ही अपने घर जा रहे थे. बताया जाता है कि उन्हें कान से सुनने में काफी परेशानी थी, जिसके कारण पीछे से आ रही ट्रेन के हॉर्न की तेज आवाज उन्हें समय पर सुनाई नहीं दी. इसी दौरान पटरी पार करने के प्रयास में वह अचानक मालगाड़ी की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से जख्मी हो गए.
रविवार सुबह थम गईं सांसें
हादसे की सूचना मिलने पर परिजन आनन-फानन में मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत इलाज के लिए नूरसराय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में भर्ती कराया. वहां डॉक्टरों द्वारा प्राथमिक उपचार किए जाने के बाद उन्हें घर भेज दिया गया था. लेकिन रविवार सुबह घर पर ही इलाज के दौरान उनकी स्थिति बिगड़ी और उनकी मौत हो गई.
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सुरेश पासवान की मौत की सूचना मिलने के तुरंत बाद नूरसराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल भेज दिया. इस संबंध में नूरसराय थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि रेल हादसे में घायल व्यक्ति की मौत की सूचना प्राप्त हुई है.
शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है. पीड़ित परिवार की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
