नालंदा के हिलसा से संतोष कुमार की रिपोर्ट
Nalanda News: हिलसा के पार बिगहा निवासी सूरत पासवान की हत्या के मामले में रविवार को भाकपा (माले) के प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली. प्रतिनिधिमंडल ने हत्या की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की.
प्रतिनिधिमंडल में भाकपा (माले) के नालंदा जिला सचिव श्रीनिवास शर्मा, अखिल भारतीय किसान महासभा के प्रखंड सचिव दिनेश कुमार यादव, इंकलाबी नौजवान सभा के प्रखंड अध्यक्ष संजय पासवान तथा भाकपा (माले) प्रखंड कमेटी सदस्य कैलेंद्र पासवान शामिल थे.
शादी समारोह में गई थी मृतक की मौजूदगी
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सूरत पासवान पड़ोसी गांव शिवशंकरपुर में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे. इसी दौरान घात लगाए अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई.
दोषियों की गिरफ्तारी और स्पीडी ट्रायल की मांग
भाकपा (माले) के जिला सचिव श्रीनिवास शर्मा ने कहा कि हत्या में शामिल सभी आरोपितों को जल्द गिरफ्तार कर स्पीडी ट्रायल के माध्यम से कड़ी सजा दिलाई जाए. उन्होंने सरकार से मृतक के परिजनों को 50 लाख रुपये मुआवजा, आश्रितों की सुरक्षा तथा न्याय सुनिश्चित करने की मांग की.
आंदोलन की चेतावनी
भाकपा (माले) ने चेतावनी दी कि यदि अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं हुई तो न्याय की मांग को लेकर आंदोलन तेज किया जाएगा. पार्टी नेताओं ने कहा कि कानून व्यवस्था को मजबूत करना और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना सरकार की जिम्मेदारी है.
इसे भी पढ़ें:नवादा में नाबालिग से कथित सामूहिक दुष्कर्म, एफएसएल जांच शुरू, दो आरोपित हिरासत में
