Nalanda News : (मुकुल नाथ सिन्हा) नालंदा जिले के बिंद प्रखंड की बिंद और कथराही पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं और शिकायतों के समाधान के लिए लगाए गए शिविर में दर्जनों मामलों का निष्पादन किया गया. स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि ने शिविर का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर शिकायतों के निपटारे का निर्देश दिया.
शिकायत दर्ज कराने के लिए उमड़ी ग्रामीणों की भीड़
सहयोग शिविर में अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे. लोगों की सुविधा के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा, मनरेगा, बिजली, राजस्व, बाल विकास, पीएचईडी, लघु सिंचाई समेत विभिन्न विभागों के अलग-अलग काउंटर बनाए गए थे, जहां शिकायतें दर्ज की गईं.
स्वास्थ्य सचिव ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा
स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि ने शिविर का निरीक्षण करते हुए विभिन्न विभागों के काउंटरों पर पहुंचकर अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त सभी शिकायतों का निष्पादन अधिकतम 30 दिनों के भीतर सुनिश्चित किया जाए.
लाभुकों को मिला प्रमाण पत्र
लोहिया स्वच्छ बिहार मिशन के तहत शौचालय निर्माण कराने वाली तीन महिला लाभुकों को सचिव द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान किया गया. इस दौरान उन्होंने चिकित्सा प्रभारी उमाकांत प्रसाद को स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए.
पंचायत प्रतिनिधियों ने उठाई विकास कार्यों की मांग
पंचायत समिति सदस्य निशांत कुमार ने बिंद पंचायत के वार्ड संख्या 14 में पानी टंकी से जिराईन नदी तक नाला निर्माण तथा सामुदायिक भवन निर्माण की मांग रखी. वहीं कथराही पंचायत के सरपंच चंद्रमौली प्रसाद ने ताजनीपुर पंचायत के गोइठवा नदी में बने बंद छिलका का मुंह खोलने और त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधियों को पेंशन देने की मांग उठाई.
डिग्री कॉलेज खोलने की उठी मांग
बिंद पंचायत के दर्जनों ग्रामीणों ने प्रस्तावित डिग्री कॉलेज को प्रखंड मुख्यालय में स्थापित करने की मांग की. ग्रामीणों का कहना था कि कॉलेज खुलने से क्षेत्र के छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा.
104 आवेदनों में 93 का मौके पर निपटारा
शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 104 आवेदन प्राप्त हुए. इनमें से 93 मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया, जबकि शेष 11 मामलों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत 30 दिनों के भीतर निष्पादित करने का आश्वासन दिया गया.
डीएम-एसपी समेत कई अधिकारी रहे मौजूद
सहयोग शिविर में जिलाधिकारी कुंदन कुमार, पुलिस अधीक्षक भारत सोनी, डीएसपी संकेत कुमार, बीडीओ जफरूद्दीन, सीओ रामायण कुमार, प्रमुख टूनो देवी, मुखिया उमेश राउत, अंचल निरीक्षक प्रदीप किशोर सिन्हा, थानाध्यक्ष मुरली मनोहर आजाद समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे.
