बिहारशरीफ के दीपनगर बाजार में CSP समेत 4 दुकानों के ताले टूटे; ₹4 लाख कैश और लैपटॉप-मोबाइल उड़ाए

Nalanda News: दीपनगर बाजार में रविवार देर रात बेखौफ चोरों ने बिहार ग्रामीण बैंक के सीएसपी सहित 4 दुकानों को बनाया निशाना. सीसीटीवी कैमरों को तोड़ा, ₹4 लाख नकदी और सामान साफ. व्यापारियों में भारी आक्रोश. पढ़ें पूरी रिपोर्ट.

Nalanda News(अमर वर्मा): नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र से इस वक्त की एक बेहद सनसनीखेज और बड़ी चोरी की वारदात सामने आ रही है. दीपनगर के व्यस्त मुख्य बाजार में रविवार की देर रात बेखौफ चोरों ने पुलिसिया गश्त और सुरक्षा दावों की पूरी तरह पोल खोल कर रख दी है. शातिर चोरों ने एक ही रात में बिहार ग्रामीण बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) समेत लगातार चार व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को अपना निशाना बनाया. चोर इन दुकानों से करीब 4 लाख रुपये नगद, कीमती लैपटॉप, नए-पुराने मोबाइल फोन और अन्य सामान समेटकर रफूचक्कर हो गए. इस दुस्साहसिक वारदात के बाद स्थानीय व्यवसायियों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश व्याप्त है.

वेंटिलेटर तोड़कर घुसे और कटर से काटे ताले, सीएसपी संचालक ने बताई पूरी कहानी

घटना के संबंध में जानकारी देते हुए पीड़ित सीएसपी संचालक शशि कुमार ने बताया कि यह पूरी वारदात रात करीब 3:00 से 3:30 बजे के बीच अंजाम दी गई है. चोरों ने सबसे पहले दुकान के पिछले हिस्से में बने वेंटिलेटर को तोड़ा और उसके रास्ते अंदर दाखिल हुए. इसके बाद उन्होंने तिजोरी और काउंटर के ताले को कटर से काट दिया. चोरों ने काउंटर में रखे करीब 4 लाख रुपये नगद, दो महंगे वर्किंग लैपटॉप और एक एलईडी टीवी चोरी कर ली. शातिर अपराधियों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए दुकान के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया और उनकी केबल काट दी.

मोबाइल व किराना दुकान का गल्ला किया साफ, ज्वेलरी शॉप में की जमकर तोड़फोड़

सीएसपी में हाथ साफ करने के बाद चोरों का तांडव यहीं नहीं रुका. इसके बाद उन्होंने लाइन से तीन और दुकानों के वेंटिलेटर तोड़े. चोरों ने पिंकू कुमार के काउंटर के गल्ले से ₹5-6 हजार नगद और रिपेयरिंग व बिक्री के लिए रखे 6 से 7 नए और पुराने मोबाइल फोन उड़ा लिए. चोरों ने सागर कुमार की किराना दुकान के गल्ले में रखे करीब ₹6 हजार की नकदी गायब कर दी. साथ ही चोरों ने बगल की एक ज्वेलरी शॉप में भी सेंधमारी की. उन्होंने दुकान के अंदर रखे सामानों को पूरी तरह तितर-बितर कर दिया और तोड़फोड़ की. लेकिन गनीमत यह रही कि वे मजबूत मुख्य तिजोरी (सेफ) को तोड़ने में पूरी तरह नाकाम रहे, जिससे सुनार का लाखों का सोना-चांदी चोरी होने से बच गया.

पहले से रेकी किए जाने की आशंका, थानाध्यक्ष बोले “जल्द दबोचे जाएंगे चोर”

एक ही रात में बाजार के बीचों-बीच हुई इस बड़ी वारदात से दीपनगर बाजार के दुकानदारों में स्थानीय पुलिस की कार्यशैली के प्रति गहरा गुस्सा है. व्यापारियों का आरोप है कि चोरों ने इस घटना को अंजाम देने से पहले कई दिनों तक दुकानों की रेकी की होगी. इतनी दुकानों में आराम से घुसना, ताले काटना और चोरी करने में कम से कम 2 घंटे का समय लगा होगा. अगर पुलिस की रात्रि गश्त प्रभावी होती, तो चोर इतनी आसानी से सफल नहीं होते.

दीपनगर थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने मामले पर त्वरित प्रतिक्रिया देते हुए बताया कि पुलिस को इस चोरी की आधिकारिक सूचना सोमवार सुबह मिली. सूचना मिलते ही पुलिस की एक विशेष खोजी टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया है. पुलिस की तकनीकी टीम वहां से वैज्ञानिक साक्ष्य और फिंगरप्रिंट जुटाने का प्रयास कर रही है. थानाध्यक्ष के मुताबिक, फिलहाल किसी भी पीड़ित दुकानदार की ओर से लिखित आवेदन (शिकायत) नहीं दिया गया है. लिखित आवेदन प्राप्त होते ही तुरंत नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली जाएगी और चोरों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी जाएगी.

Also Read: नालंदा में खूनी भिड़ंत, खेत में ट्रैक्टर लगाने के विवाद में एक ही परिवार के 8 लोग घायल

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aditya Kumar Ravi

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >