नालंदा में ईंट-भट्ठे पर मजदूर दंपति को छह दिन बंधक बनाने का आरोप, लोहे की रॉड से पिटाई के बाद पति की मौत

नालंदा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक ईंट-भट्ठे के ठेकेदार पर मजदूर दंपति को छह दिनों तक बंधक बनाकर मारपीट करने और पति की हत्या का आरोप लगा है. साक्ष्य छिपाने के लिए शव को खेत में गाड़ने का प्रयास किया गया.

Nalanda labourer murder: नालंदा के नूरसराय थाना क्षेत्र के पपरनौसा गांव से मजदूर दंपति को बंधक बनाकर मारपीट करने और पति की हत्या का मामला सामने आया है. परिजनों का आरोप है कि ईंट-भट्ठे पर काम कराने वाले ठेकेदार ने पैसे के लेनदेन को लेकर मजदूर दंपति को छह दिनों तक बंधक बनाये रखा. इसी दौरान लोहे की रॉड से पिटाई के बाद मजदूर की मौत हो गयी. आरोप है कि साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को खेत में गाड़ दिया गया.

चार साल पहले मजदूरी के लिए दिया था 60 हजार रुपये एडवांस

परिजनों के मुताबिक, करीब चार साल पहले ईंट-भट्ठे पर मजदूरी कराने के लिए ले जाने के नाम पर ठेकेदार ने दंपति को 60 हजार रुपये एडवांस दिये थे. दंपति ने करीब एक साल तक ईंट-भट्ठे पर काम किया. इसके बाद मजदूरी का करीब एक हजार रुपये का हिसाब बाकी रह गया था. वहीं, आरोप है कि ठेकेदार ब्याज समेत करीब चार लाख रुपये की मांग कर रहा था.

रकम नहीं लौटाने पर बंधक बनाने का आरोप

परिजनों का आरोप है कि इतनी बड़ी रकम लौटाने में दंपति ने असमर्थता जतायी, जिसके बाद ठेकेदार ने उन पर दबाव बनाया. करीब छह दिन पहले कथित तौर पर दंपति को उनके घर से ले जाकर बंधक बना लिया गया. इस दौरान दोनों के साथ मारपीट की गयी. आरोप है कि लोहे की रॉड से पिटाई के कारण मजदूर की मौत हो गयी.

खेत में गाड़ दिया गया शव

परिजनों का आरोप है कि मजदूर की मौत के बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को खेत में गाड़ दिया गया. घटना की जानकारी मिलने के बाद नूरसराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया. शव को पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल भेजा गया.

चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी

मामले में चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. पुलिस घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ करने के साथ ही हत्या और शव को छिपाने से जुड़े आरोपों की भी जांच कर रही है.

मॉर्निंग वॉक से लौट रहे रिटायर्ड चीफ इंजीनियर से चेन स्नैचिंग, बाइक सवार दो बदमाश फरार

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By निखिल अनुराग

मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट. नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >