Nalanda Cyber Fraud नालंदा जिले के इसलामपुर थाना क्षेत्र के नंदाचक गांव में एक साइबर ठगी का मामला सामने आया है. साइबर अपराधियों ने एक महिला के मोबाइल को हैक कर उसके बैंक खाते से करीब 91 हजार रुपये की राशि निकाल ली. घटना के बाद पीड़िता को जब इसकी जानकारी मिली तो उसके होश उड़ गए.
मोबाइल पर मैसेज आते ही उड़े पीड़िता के होश
बताया जाता है कि नंदाचक गांव निवासी संजू कुमारी नामक महिला के मोबाइल फोन पर अचानक बैंक खाते से रुपये निकासी का मैसेज आया.
मोबाइल पर निकासी का मैसेज देखते ही वह घबरा गईं. जब उन्होंने बैंक खाते की जानकारी चेक की, तो पता चला कि खाते से कुल करीब 91 हजार रुपये की राशि निकल चुकी है. पीड़िता के मुताबिक, उन्हें पहले इस बात की भनक तक नहीं लगी कि उनका मोबाइल या बैंकिंग संबंधी जानकारी साइबर अपराधियों के हाथ लग चुकी है. अचानक खाते से रुपये निकासी का संदेश आने के बाद उन्हें साइबर ठगी का पता चला.
Also Read : भोजपुर का बाबा लंगटनाथ धाम: जहां शिव पूजा से पूरी होती हैं भक्तों की मनोकामनाएं, 5 तस्वीरों में जानिए कहानी
पीड़िता द्वारा थाना और साइबर अधिकारियों में शिकायत
घटना के बाद पीड़िता और उनके परिजनों में चिंता का माहौल है. पीड़िता ने मामले की शिकायत संबंधित थाना एवं साइबर अपराध से जुड़े अधिकारियों को लिखित आवेदन देने की बात कही है.
बढ़ते साइबर अपराध और पुलिस की जागरूकता
लगातार बढ़ रहे साइबर ठगी के मामले से लोग काफी सशंकित हैं. साइबर अपराधी अलग-अलग तरीकों से लोगों को निशाना बना रहे हैं. कभी मोबाइल हैक करके, कभी फर्जी लिंक भेज कर, तो कभी बैंक अधिकारी बनकर लोगों से जानकारी हासिल करने के बाद खातों से रकम उड़ाई जा रही है.
हालांकि, ऐसे मामलों में पुलिस लगातार लोगों को जागरूक भी कर रही है, फिर भी लोग साइबर फ्रॉड का शिकार हो रहे हैं.
