Nalanda Anemia Screening : नालंदा जिले में एनीमियामुक्त बिहार विशेष अभियान का शुभारंभ किया गया. सांसद कौशलेंद्र कुमार ने मॉडल सदर अस्पताल के सभाकक्ष में दीप प्रज्ज्वलित कर इस अभियान का उद्घाटन किया.
उन्होंने कहा कि यह अभियान तभी पूरी तरह से सफल होगा, जब आम जन सहयोग करेंगे जबकि स्वास्थ्य कर्मी इसके लिये बेहतर कार्य कर सकेंगे. उन्होंने कहा कि एनीमिया के कारण थकान, कमजोरी और बच्चों के विकास में बाधा आती है.
इस अभियान से मातृ मृत्यु दर और शिशु मृत्यु दर में कमी आएगी. किशोरियों का स्वास्थ्य बेहतर होगा और वे पढ़ाई व रोजमर्रा के कार्यों में अधिक सक्रिय रह सकेंगी. स्वस्थ मां से ही स्वस्थ समाज का निर्माण होगा. सांसद ने अस्पताल में एनीमिया जांच कार्य का भी निरीक्षण किया.
अभियान से जुड़ी महत्वपूर्ण बातें
सिविल सर्जन डॉ. जय प्रकाश सिंह ने बताया कि यह अभियान बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाया जा रहा है. इसके तहत जिले में महिलाओं, किशोरियों और बच्चों में खून की कमी (एनीमिया) की पहचान कर उसका उपचार किया जाएगा. स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और स्वास्थ्य केंद्रों पर विशेष शिविर लगाकर हीमोग्लोबिन की जांच की जाएगी और आयरन की गोली का वितरण किया जाएगा.
आशा व स्वास्थ्य कर्मियों की जिम्मेदारी
अभियान के दौरान आशा कार्यकर्ता और एएनएम घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेंगी. वे गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और 10 से 19 वर्ष की किशोरियों की सूची तैयार कर उनकी जांच कराएंगी. साथ ही उन्हें संतुलित आहार, आयरन युक्त भोजन और नियमित दवा सेवन के प्रति प्रेरित करेंगी.
कार्यक्रम में मौजूद प्रमुख अधिकारी एवं कर्मी
इस मौके पर सिविल सर्जन डॉ. जय प्रकाश सिंह, जिला स्वास्थ्य समिति के डीपीएम श्याम कुमार निर्मल व अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. राजीव रंजन समेत कई चिकित्सक, आशा कार्यकर्ता और स्वास्थ्य कर्मी मौजूद थे.
