Biharsharif News : नालंदा कॉलेज, बिहारशरीफ के परिसर में सोमवार को स्नातक के नए सत्र के नवनामांकित छात्र-छात्राओं के लिए एक भव्य दीक्षारंभ समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्य प्रो. सुनीता सिंहा एवं वरिष्ठ प्राध्यापकों प्रोफेसर कच्छवे, डॉ श्यामसुंदर प्रसाद एवं डॉ मंजु कुमारी द्वारा संयुक्त रूप से पारंपरिक दीप प्रज्वलन कर की गई. इस पूरे समारोह का मंच संचालन अर्थशास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. सर्वदमन कश्यप द्वारा बेहद कुशल, ऊर्जावान और रोचक अंदाज़ में किया गया, जिन्होंने बीच-बीच में प्रेरक विचारों से विद्यार्थियों में नया उत्साह भरा. समारोह की अध्यक्षता करते हुए कॉलेज की प्राचार्य प्रो. सुनीता सिन्हा ने नए विद्यार्थियों का कॉलेज परिवार में स्वागत किया. अपने अध्यक्षीय संबोधन में उन्होंने कहा कि नालंदा की भूमि प्राचीन काल से ही ज्ञान और ज्ञानियों की भूमि रही है। आज के युवा इस गौरवशाली विरासत के संवाहक हैं. उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहने, अनुशासन का पालन करने और केवल डिग्री हासिल करने के बजाय अपने व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास पर ध्यान केंद्रित करने के लिए प्रेरित किया. कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाने के लिए कई वरिष्ठ शिक्षाविदों ने बतौर मोटिवेशनल स्पीकर के रूप में अपने विचार साझा किए। प्रो. आर. पी. कचवे ने विद्यार्थियों को समय प्रबंधन और कड़ी मेहनत का महत्व समझाया. डॉ. श्याम सुंदर प्रसाद ने जीवन में सकारात्मक दृष्टिकोण और ऊंचे लक्ष्य तय करने की आवश्यकता पर बल दिया. वहीं, डॉ. मंजू कुमारी ने छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने और जीवन की हर चुनौती का डटकर सामना करने के लिए प्रेरित किया. नए विद्यार्थियों को कॉलेज की व्यवस्थाओं से रूबरू कराने के लिए डॉ. सुमित कुमार एवं जितेंद्र सिंहा द्वारा एक विस्तृत प्रस्तुति दी गई। उन्होंने छात्रों को कॉलेज के कड़े नियमों, चॉइस बेस्ड क्रेडिट सिस्टम पाठ्यक्रम, परीक्षा प्रणाली, लाइब्रेरी की सुविधाओं के साथ-साथ, एनएसएस और खेलकूद जैसी पाठ्येतर गतिविधियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध कराईं। कार्यक्रम के अंतिम चरण में डॉ. शाहिदुर रहमान द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया, जिसमें उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्राचार्य, अतिथियों, आयोजन समिति और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस दीक्षारंभ समारोह में कॉलेज के सभी विभागों के विभागाध्यक्ष समस्त शैक्षणिक कर्मचारी एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन के पश्चात सभी नव-नामांकित विद्यार्थियों को उनके संबंधित विभागों में भेजा गया, जहाँ प्राध्यापकों ने उनसे सीधा संवाद किया। डॉ कुमारी चंपा, डॉ भावना, डॉ उपेन मंडल, डॉ श्रद्धा कुमारी, डॉ विजय कुमार, डॉ मृत्युंजय, डॉ शशांक शेखर झा , डॉ अली, डॉ राजदेव, डॉ शशिभूषण, डॉ संतोष, डॉ गाजी, डॉ सिंधु कुमारी आदि शिक्षक एवम अन्य कर्मी मौजूद थे।
नालंदा कॉलेज में नवनामांकित स्नातक विद्यार्थियों के लिए 'दीक्षारंभ समारोह' का आयोजन
नालंदा कॉलेज, बिहारशरीफ में स्नातक के नए विद्यार्थियों के लिए भव्य दीक्षारंभ समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें शिक्षाविदों ने छात्रों को प्रेरित किया।

नालंदा कॉलेज में नवनामांकित स्नातक विद्यार्थियों के लिए 'दीक्षारंभ समारोह' का आयोजन