नालंदा: नगरनौसा में डिग्री कॉलेज की उम्मीद बढ़ी, भोभी में एसडीओ ने जमीन का किया निरीक्षण

नगरनौसा में लंबे समय से डिग्री कॉलेज की मांग अब पूरी होने वाली है. एसडीओ अमित कुमार ने भोभी गांव पहुंचकर प्रस्तावित कॉलेज के लिए जमीन का निरीक्षण किया. इससे चार प्रखंडों के हजारों विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा का लाभ मिलेगा.

nagarnausa degree college: नगरनौसा प्रखंड में डिग्री कॉलेज निर्माण की लंबे समय से चली आ रही मांग अब धरातल पर उतरती दिख रही है. कॉलेज निर्माण को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गयी हैं. इसी क्रम में बुधवार को हिलसा के अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार ने नगरनौसा प्रखंड के भोभी गांव पहुंचकर प्रस्तावित कॉलेज निर्माण के लिए उपलब्ध जमीन का स्थल निरीक्षण किया. एसडीओ के पहुंचने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में भी उत्साह का माहौल देखने को मिला.

एसडीओ ने जमीन और पहुंच पथ का लिया जायजा

स्थल निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने प्रस्तावित स्थल की स्थिति, उपलब्ध जमीन, पहुंच पथ समेत कॉलेज निर्माण से जुड़े अन्य आवश्यक बिंदुओं की जानकारी ली. ग्रामीणों ने अधिकारियों को बताया कि भोभी में उपलब्ध जमीन डिग्री कॉलेज निर्माण के लिए उपयुक्त है और कॉलेज निर्माण से संबंधित आवश्यक मानकों को पूरा करती है.

ग्रामीणों ने यह भी बताया कि भोभी का भौगोलिक स्थान कॉलेज निर्माण के लिहाज से महत्वपूर्ण है. यहां कॉलेज खुलने से नगरनौसा प्रखंड के अलावा आसपास के क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को भी उच्च शिक्षा हासिल करने का अवसर मिलेगा.

विद्यार्थियों को नहीं जाना पड़ेगा दूर

ग्रामीणों के अनुसार, वर्तमान में नगरनौसा प्रखंड के विद्यार्थियों को स्नातक स्तर की पढ़ाई के लिए दूसरे क्षेत्रों का रुख करना पड़ता है. इससे विद्यार्थियों को लंबी दूरी तय करने के साथ आने-जाने में समय और आर्थिक खर्च उठाना पड़ता है.

खासकर ग्रामीण क्षेत्र की छात्राओं के लिए दूर जाकर उच्च शिक्षा हासिल करना कई बार कठिन हो जाता है. ऐसे में नगरनौसा में डिग्री कॉलेज की स्थापना होने से विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही उच्च शिक्षा की सुविधा उपलब्ध होने की उम्मीद है.

चार प्रखंडों के विद्यार्थियों को मिलेगा सीधा लाभ

भोभी में डिग्री कॉलेज का निर्माण होने पर नगरनौसा के साथ-साथ हिलसा, करायपरसुराय और थरथरी प्रखंड के बड़ी संख्या में गांवों के विद्यार्थियों को लाभ मिलने की उम्मीद है. ग्रामीणों ने बताया कि भोभी इन क्षेत्रों के बीच अपेक्षाकृत सुविधाजनक स्थान पर स्थित है.

कॉलेज खुलने से आसपास के गांवों के छात्र-छात्राओं की उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के शहरों पर निर्भरता कम हो सकती है. ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि जमीन निरीक्षण के बाद कॉलेज निर्माण से जुड़ी अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं को भी जल्द पूरा कराया जाये.

प्रशासनिक प्रक्रिया जल्द पूरी करने की मांग

ग्रामीणों का कहना है कि डिग्री कॉलेज की मांग लंबे समय से की जा रही है. जमीन के स्थल निरीक्षण से कॉलेज निर्माण की दिशा में उम्मीद बढ़ी है. लोगों ने प्रशासन से आगे की प्रक्रिया में तेजी लाने की मांग की है, ताकि क्षेत्र में उच्च शिक्षा की सुविधा जल्द उपलब्ध हो सके.

निरीक्षण के दौरान बीसीएलआर, बीडीओ ओमप्रकाश, सीओ नेहा कुमारी, बीइओ राजीब रंजन तिवारी, थानाध्यक्ष शशिरंजन कुमार मिश्रा, अंचल अमीन, पैक्स अध्यक्ष सहित जनप्रतिनिधि और पंचायत के बुद्धिजीवी लोग मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रंजीत सिंह

रणजीत सिंह ने वर्ष 2006 में प्रिंट मीडिया से पत्रकारिता की शुरूआत की. वर्तमान में प्रभात खबर के बिहारशरीफ कार्यालय से जुड़कर कार्य कर रहे हैं. 19 वर्ष के पत्रकारिता जीवन में कई लिडिंग दैनिक अखबारों के अलावा डिजिटल मीडिया के लिए भी संवाददाता के तौर पर कार्य किया है. स्वास्थ्य, नगर निकाय, कृषि, बिजली, नियोजनालय, पशुपालन एवं गव्य विकास विषयों पर नियमित खबर लिख रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >