Nalanda Education News : रोटरी क्लब ऑफ तथागत, बिहारशरीफ एवं रेड ब्रिगेड, लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय महिला आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम मुक्कामार का रविवार को उत्साहपूर्ण वातावरण में सफल समापन हुआ.
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास, साहस, आत्मनिर्भरता तथा विपरीत परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा करने की क्षमता का विकास करना था. इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में सेंट जोसेफ एकेडमी, माउंट लिटेरा ज़ी स्कूल, नालंदा विद्या मंदिर (पतासंग), आशा मेमोरियल स्कूल, सीता शरण मेमोरियल स्कूल, करियर पब्लिक स्कूल, गुरुकुल विद्यापीठ, एस.ए.एम. सेकेंडरी स्कूल, नालंदा जूनियर्स एकेडमी, यूनिटी इंटरनेशनल स्कूल तथा कैम्ब्रिज स्कूल की छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया.
तीन दिनों तक रेड ब्रिगेड की प्रशिक्षक टीम ने छात्राओं को विभिन्न परिस्थितियों में आत्मरक्षा के व्यावहारिक एवं प्रभावी तरीके सिखाए.
अतिथियों का संबोधन और आत्मरक्षा को बताया आवश्यक जीवन कौशल
समापन समारोह के मुख्य अतिथि रोटेरियन चंदना चौधरी एवं रोटेरियन विजय आनंद ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज के समय में आत्मरक्षा प्रत्येक बालिका के लिए आवश्यक जीवन कौशल है. उन्होंने कहा कि ऐसी पहल समाज में महिलाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है.
इस अवसर पर रोटेरियन रश्मि नारायण, डॉ. अरविंद कुमार सिन्हा, डॉ. सुनीति सिन्हा, इंदु वर्मा, ऋषभ जैन, अमित भारती, संजीव दास, डीसी सुचांति सहित उपस्थित सभी अतिथियों ने छात्राओं का उत्साहवर्धन किया तथा रोटरी क्लब ऑफ तथागत की इस सामाजिक पहल की मुक्त कंठ से सराहना की.
अध्यक्ष का आभार और भविष्य में भी कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प
कार्यक्रम की सफलता पर क्लब के अध्यक्ष रोटेरियन महेश लोहानी ने रेड ब्रिगेड की संस्थापक उषा विश्वकर्मा एवं उनकी पूरी टीम, कार्यक्रम से जुड़े सभी विद्यालयों के सम्मानित प्राचार्यों, शिक्षकों, छात्राओं, अभिभावकों, सभी रोटेरियन्स, सहयोगी संस्थाओं एवं मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए रोटरी क्लब ऑफ तथागत भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम निरंतर आयोजित करता रहेगा.
कार्यक्रम का सफल संचालन और प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र का वितरण
कार्यक्रम के सफल संचालन में क्लब के सचिव रोटेरियन डॉ. नीरज कुमार, परियोजना अध्यक्ष रोटेरियन रूबी सिन्हा, रोटेरियन रश्मि दास, रोटेरियन कुमारी किरण सहित क्लब के सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा. समापन समारोह में सभी प्रतिभागी छात्राओं को प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए.
कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यालयों के प्राचार्यों, शिक्षकों, छात्राओं, अभिभावकों, रेड ब्रिगेड टीम, सहयोगकर्ताओं तथा रोटरी परिवार के सभी सदस्यों को धन्यवाद ज्ञापित किया गया.
