खाते में आए 26 लाख तो खुली साइबर ठगी की कड़ी, देर रात नालंदा से स्कूल निदेशक गिरफ्तार

बिहार के नालंदा में 1.79 करोड़ रुपये की साइबर ठगी के मामले में गुजरात पुलिस ने मदर टेरेसा स्कूल के निदेशक धर्मवीर कुमार राही को गिरफ्तार किया है।

Bihar Sharif Cyber ​​Fraud : बिहारशरीफ में 1.79 करोड़ रुपये की साइबर ठगी के मामले की जांच करते-करते गुजरात पुलिस नालंदा के चोरसुआ गांव पहुंच गयी. बैंक खाते में ठगी की रकम के करीब 26 लाख रुपये ट्रांसफर होने की जानकारी सामने आने के बाद पाटन साइबर थाना पुलिस ने पावापुरी थाना पुलिस के सहयोग से सोमवार की देर रात मदर टेरेसा हाई स्कूल के निदेशक धर्मवीर कुमार राही को गिरफ्तार कर लिया. न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद मंगलवार को गुजरात पुलिस उसे अपने साथ पाटन ले गयी.

करीब एक दर्जन लोगों से हुई थी 1.79 करोड़ की ठगी

पाटन साइबर थाना में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, साइबर ठगी के इस मामले में करीब एक दर्जन लोगों को निशाना बनाया गया था. ठगी की कुल रकम करीब 1.79 करोड़ रुपये बतायी गयी है. मामले की जांच के दौरान पुलिस ने बैंक खातों में हुए लेन-देन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल शुरू की.

इसी जांच में धर्मवीर कुमार राही के बैंक खाते में करीब 26 लाख रुपये ट्रांसफर होने की जानकारी सामने आयी. बैंक खाते की कड़ियां जुड़ने के बाद गुजरात पुलिस आरोपी तक पहुंची.

देर रात चोरसुआ पहुंची गुजरात पुलिस टीम

मामले की जानकारी मिलने के बाद पाटन साइबर थाना की टीम नालंदा पहुंची और पावापुरी थाना पुलिस से संपर्क किया. स्थानीय पुलिस के सहयोग से टीम ने सोमवार देर रात चोरसुआ गांव स्थित आरोपी के ठिकाने पर छापेमारी की. पुलिस ने धर्मवीर कुमार राही को गिरफ्तार कर लिया.

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया. ट्रांजिट रिमांड की अनुमति मिलने के बाद गुजरात पुलिस मंगलवार को उसे अपने साथ पाटन ले गयी.

साइबर नेटवर्क की खुलेगी परत

पावापुरी थानाध्यक्ष गौरव कुमार सिंह ने बताया कि पाटन साइबर थाना पुलिस के अनुरोध पर स्थानीय पुलिस ने गिरफ्तारी में सहयोग किया. जांच में साइबर ठगी की रकम आरोपी के खाते में जमा होने की बात सामने आयी है.

अब गुजरात पुलिस आरोपी से पूछताछ कर ठगी के पूरे नेटवर्क, बैंक खातों और रकम के लेन-देन से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच करेगी.

बीएनएस और आइटी एक्ट में दर्ज है मामला

पुलिस के अनुसार, पाटन साइबर थाना में दर्ज मामले में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ आइटी एक्ट की धारा 66(सी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है.

2022 में भी छापेमारी के बाद आया था नाम

मदर टेरेसा हाई स्कूल के निदेशक धर्मवीर कुमार राही इससे पहले भी विवादों में रह चुका है. 8 अगस्त 2022 को मदर टेरेसा हाई स्कूल में पुलिस ने छापेमारी कर करीब पांच लाख रुपये मूल्य का छड़ बरामद किया था. पुलिस के अनुसार, बरामद छड़ रजौली-बख्तियारपुर फोरलेन परियोजना के तहत पंचाने नदी पर निर्माणाधीन पुल से संबंधित था.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By निरंजन कुमार

निरंजन कुमार प्रिंट माध्यम में 15 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >