मैट्रिक व इंटर की सेंटअप परीक्षा आज से

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के द्वारा जारी निर्देश के अनुसार जिले के माध्यमिक तथा उच्च माध्यमिक विद्यालयों में परीक्षा की तैयारी पूरी कर ली गयी है.

बिहारशरीफ. मैट्रिक व इंटरमीडिएट की सेंटअप परीक्षा बुधवार से शुरू होगी. बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के द्वारा जारी निर्देश के अनुसार जिले के माध्यमिक तथा उच्च माध्यमिक विद्यालयों में परीक्षा की तैयारी पूरी कर ली गयी है. जिले के लगभग 296 माध्यमिक तथा उच्च माध्यमिक सरकारी विद्यालयों के लगभग 80 हजार से अधिक विद्यार्थी इस परीक्षा में शामिल होंगे. मैट्रिक की सेंटअप परीक्षा 19 से 22 नवंबर तक आयोजित की जायेगी. जबकि इंटरमीडिएट की सेंटअप परीक्षा 19 से 26 नवंबर तक होगी. इंटरमीडिएट की प्रैक्टिकल परीक्षा 27 से 29 नवंबर तक आयोजित की जायेगी. परीक्षा समिति के निर्देशानुसार सेंटअप परीक्षा में उत्तीर्ण हुए बिना छात्रों को मुख्य परीक्षा में बैठने का अवसर नहीं मिलेगा. इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी आनंद विजय ने बताया कि परीक्षा का आयोजन दो पालियों में किया जाएगा .परीक्षा के लिए प्रश्न पत्र बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के द्वारा ही उपलब्ध कराये गये हैं. जिला स्तर से सभी माध्यमिक व उच्च माध्यमिक विद्यालयों को पूर्व में ही प्रश्न पत्र उपलब्ध करा दिये गये हैं. इसी के साथ सभी प्रधानाध्यापक को शांतिपूर्ण व कदाचार मुक्त वातावरण में परीक्षा आयोजित करने का निर्देश दिया गया है. सभी परीक्षाएं विद्यार्थियों के अपने-अपने विद्यालयों में ही ली जाएंगी ताकि छात्रों को अतिरिक्त दबाव न झेलना पड़े. जिला शिक्षा पदाधिकारी आनंद विजय ने बताया कि परीक्षा समिति के निर्देशानुसार सभी माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों को तैयारी पूर्ण करने का आदेश पहले ही दे दिया गया था.

परीक्षा में शामिल होने के लिए 75 फीसदी उपस्थिति अनिवार्य : विद्यालयों में जिन भी विद्यार्थियों की उपस्थिति 75 प्फीसदी या उससे अधिक होगी, केवल वे ही सेंटअप परीक्षा में बैठ सकेंगे. जिनकी उपस्थिति निर्धारित सीमा से कम है, उन्हें परीक्षा देने की अनुमति नहीं मिलेगी. परीक्षा समिति ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा में उत्तीर्ण होना भी अनिवार्य है. नियमित, स्वतंत्र एवं क्वालिफाइंग श्रेणी के विद्यार्थियों के लिए यह परीक्षा अनिवार्य होगी. जबकि पूर्ववर्ती विद्यार्थियों को सेंटअप परीक्षा में शामिल नहीं होना है.

दो पालियों में आयोजित होगी परीक्षा : सेंटर परीक्षा का आयोजन दो पालियों में किया जायेगा. प्रथम पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक जबकि द्वितीय पाली की परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी. छात्रों को प्रारंभ में 15 मिनट का समय प्रश्नपत्र पढ़ने और समझने के लिए दिया जायेगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amlesh prasad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >